दादा जी की यादों में…
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
तेलुगु मूल: आचार्य (डॉ) कलुवकुंटा रामकृष्णा
प्राचार्य
एस.आर.आर.शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय (स्वायत्त)
करीम नगर, तेलंगाना ।
हिन्दी अनुवाद: डॉ.यल.कोमुरा रेड्डी
(असिस्टेंट प्रोफ़ेसर एवं अध्यक्ष हिन्दी विभाग)
एस.आर.आर.शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय (स्वायत्त)
करीम नगर, तेलंगाना ।
अपर रामानुज अवतार!
आकाश को छूते श्रीवैष्णव ध्रुवतारा!
विशिष्टाद्वैत की सांप्रदायिकता के धुरंधर!
नित्य सूक्ति गंगा-प्रवाह के पारंगत,
समस्त बंधुसेना के अधिपति,
पेरुमाळों के नित्य शरणागत,
पेरियाळ्वार दादाजी!
सनातन धर्माचरण का पर्याय,जीते-जागते,
अटूट वात्सल्य का जीवंत प्रमाण।
नित्य रामायण पारायण,
सत्य-धर्म-गीता का अनुष्ठान,
ईश्वर आराधना के लिए
अच्छा मन ही पर्याप्त
ऐसा जीवन भर मानने वाले
परंपरा के ज्ञाता!
अडिग साहस की पहचान,
कभी न झुकने वाले अनुशासन का स्तंभ।
“आचार व आचरण से ही धर्म जन्म लेता है”-
इस वाक्य के हैं, साकार रूप।
आराधना और ऊर्ध्वपुंड्र के अलंकरण के बिना
एक भी कदम न आगे बढ़ाने वाले
निष्ठा के शिखर पुरुष!
वाणी और अर्थ की तरह
दादी–दादाजी की अनुपम संगति।
आदर्श में वे केवल आचार्य ही नहीं,
एक आदर्श गृहस्थ भी थे।
दादाजी के घर के चारों ओर
लताओं की तरह फैले स्नेह के मंडप,
उन दिनों के विवाह,
हफ्तों चलने वाले उत्सव,
हर पायदान एक स्मृति।
हृदय की गहराइयों से उमड़ती
उच्च भावनाओं की तरंगें
मुप्पा मधुरम्मा के
पीतल के लोटे का मुग्धकारी दूध,
मोद्दु नारायण के पाताल-गरिगा से
निकाले गए चमकीले, पुराने बर्तन।
धोबी राजी की फुर्सत व दिलचस्पी बातें,
सत्तैय्या पंतुलु के
श्लोकों की लयबद्ध तानें,
मौसी के घर बंधन-सागर की लहरों जैसे मिलन,
गंगाधरा के वेंकटेश्वर स्वामी का मंदिर,
गाँव के बीचोंबीच
बरगद के नीचे बस स्टैंड
दिन में चार पड़ाव।
कितनी ही यादों की नमी!
लक्ष्मीदेविपल्ली
केवल अंतिम गंतव्य नहीं,
लाखों अनुभूतियों की
ऐतिहासिक पुण्यस्थली।
मन के कुएँ में ममत्व के स्रोतों का झरना,
सौ हलों की खेती,बन्धु-जनों के साथ फलसाया।
खेतों की मेड़ों पर चहलकदमी,
भोर होते ही
शिष्यों से आत्मीय अभिवादन,
सदैव हरित वह सान्निध्य।
रामय्या दोरा की राजसी पूछ-परख,
आने-जाने वाले रिश्तेदारों की हाजिरी की गिनती।
बड़े दरवाज़े पर बँधे हुए लकड़ी के खिलौने,
शंख-चक्र नामों की नक्काशी का सौंदर्य।
लाल जाजु की चिकनी की मिट्टी से
सँवरे हुए चबूतरे.,
गोबर से लिपी हुई लिपाई-पुताई।
एक क्या! दो क्या!!
गंगाधरा देहात की मीठी बातें,
यादों की चमेली के फूलों की पोटली।
फुरसत मिलते ही,
होम्योपैथी की मीठी गोलियों का रसपान।
बड़ी रसोई, छोटी रसोई, अट्टालियाँ, बरामदे…
ममता जैसे पक कर और गाढ़ी हो गई हो।
नानी की पत्थर की कटोरी में पिसी हुई चटनी।
सुबह होते ही एक बड़ा गिलास चाय,
प्यार से परोसने वाले नानी के हाथ…
छोटी माओं की एम्ब्रॉयडरी फूलों की कारीगरी…
रामचिड़िया चायपत्ती के पैकेट,
‘राजू ब्रांड’ कॉफी की टिकिया।
नानी के तवे के चारों ओर पकवानों की खुशबू।
दादी के चारों ओर घूमते पोते-पोतियाँ,
गरम पकवानों की महक,रव्वा लड्डुओं की मिठास,
परमान्न (खीर) से भी बढ़कर
सद्दन्नमु (बासी चावल) के निवाले।
एक कोने में टँगे पोस्टकार्ड पत्र,
दियासलाई की डिब्बों की रेल-खेल,
भिंडी की हवा-घुमाव पंखुड़ियाँ,
सीसे की गोलियों की कतारें,
ताड़ के फलों की गाड़ियाँ,
एल्लम्मा तालाब के किनारे
तोड़े गए फल—
कितने ही खेल,
मीठी यादों की गठरियाँ!
दादी–दादाजी का घर—
हर दिन एक त्योहार!
जितना है, उसमें खुश रहने वाला गाँव—
जीवनोत्सव की कला।
बिना भेदभाव के छह बहनों के बच्चों का झुंड,
माँ की तरह तड़पता दादाजी का हृदय।
दादाजी की चोटी से
खेली गई शरारतें,
उनकी छोटी उँगली पकड़कर
चले रास्ते—
याद आते ही
मन पिघल जाता है।
भाग्य की क्रूरता,
एकमात्र मामा का अकाल निधन,
घायल रक्त-संबंध, दुःख का सागर।
इतना बड़ा परिवार होते हुए भी
एकाकी पथिक बनकर, निरंतर यात्री बन
चलते रहे।
नाम के लिए पिता, पर मन से पूरी तरह माँ।
बच्चों, पोतियों, पोतों को विदा करते समय
छूट न पाने वाली वात्सल्य की धारा बनकर,
अंधे प्रेम में लाल बस के पीछे
दौड़ता हुआ वह दृश्य,
आज भी मेरा पीछा करता है।
दादाजी का न झुकने वाला आदर्श,
उनका साहस अतुलनीय।
वे एक आध्यात्मिक रस-नैवेद्य थे।
सनातन धर्म का चलता-फिरता प्रचार।
जमींदारों के सामने भी
समान खड़े होने का साहस।
पूरा जीवन न थमने वाला अमृत-संवाद।
स्वतंत्र वाणी, आचरण का सूत्र,
आदर्श की दृढ़ साधना।
प्राचीन और आधुनिक का सप्तरंगी संगम
अंधकार और प्रकाश के उतार-चढ़ावों से भरा जीवन,
विषाद के बादल कितने ही., अब
वे अभिवादन नहीं रहे,
वे किलकारियाँ नहीं रहीं,
वे निशान नहीं रहे।
अंततः दादाजी का घर भी नहीं रहा।
हृदय की संदूक में यादों को सँजोए हुए
बस एक ही अचल साक्षी
समय का सामना करता
अकेला खड़ा पत्थर का ध्वजस्तंभ।
दादाजी…
नई आशाओं के बीज बनकर,
रक्त-संबंधों की परंपरा बनकर,
सदैव अंकुरित होते रहोगे।
मूल्यों के लिए तड़पने वाले
यशस्वी सेनानायक,भविष्य के तेजस्वी,
अपार वात्सल्य के मनस्वी,
मधुर वाणी के वचस्वी।
जय.,जय हो…
पेरियाळ्वार दादा!
आपका अमिट तिरुमंत्र
पीढ़ी दर पीढ़ी
नि:शब्द ही गूँजता रहेगा…







