डॉ. सतीश चन्द्र मिश्र, “बाबा” कोबरा
चित्रकूट, उत्तर-प्रदेश
(नया अध्याय, देहरादून)
“प्यार करने का अधिकार”
मौसम तो मौसम है वह प्रकृति प्रदत्त होता है। जब उसका समय आएगा तब आएगा; उसे कौन रोक सकता है! लोग यह भी कहा करते हैं कि, “समय से पहले और भाग्य से ज्यादा कुछ भी नहीं है!”
मेरी समझ में नहीं आता है कि, मनुष्य के प्यार का मौसम कब आता है? पशुओं, पक्षियों और जानवरों के प्यार का मौसम मनुष्य जानता है और अपने प्यार का मौसम मनुष्य क्यों नहीं जानता है?
हो सकता है कभी मनुष्यों के प्यार का मौसम होता रहा हो परंतु अब तो समझ में नहीं आता है।
पशु, पक्षी और जानवर भी जो जिससे प्यार करता है उसके प्रति वफादारी निभाता है। वह बात अलग है कि, कोई ताकत वाला आकर, जबरदस्ती कर जाए तो अलग बात है।
देखने में आता है कि, कुछ जानवर, पशु और पक्षी भी लड़ते पाए जाते हैं; पता नहीं प्यार के खातिर है या सेक्स के खातिर! यह मैं इसलिए नहीं बता सकता कि, मैं इनका विशेषज्ञ नहीं हूं! हालांकि कुछ शोध मैंने किए हैं और पाया है कि, किसी एक नर के लिए मादा को लड़ते पाया है और जिसे वह नहीं चाहती उससे विरोध करती है और अपने प्रेमी को प्यार करते पाया है!
देखा गया है कि, घायल अवस्था में भी नर हो या मादा अपनी चाहत को नहीं छोड़ते हैं।
फिर मनुष्य की प्रवृत्ति इस दौर में जैसी है किसी से छिपी नहीं है। पहले क्या थी हम सिर्फ किस्से – कहानियों में पढ़ते थे और अब मोबाइल के दौर में वह भी नहीं करते हैं।
समय परिवर्तनीय है; लेकिन मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है और वह बुद्धिजीवियों में भी गिना जाता है। फिर ऐसा क्यों हो गया?
अक्सर रामपुर जाता था। वहां एक चीथड़े में लिपटे पुरुष को, एक ही मुहल्ले में घूमते पाता था और किसी सुनीता को आवाज देकर बुलाते हुए सुना करता था।
लोग उसे पागल कहते थे और बच्चे तो उसे पत्थर मार-मार कर लहूलुहान भी कर देते थे। पता नहीं यह बाल स्वभाव था या उनका डर था या उनके माता-पिता द्वारा दिये गये संस्कार का परिणाम था।
उत्सुकता मेरे मन में जागी और वह कौन है? क्यों ऐसी हालत में है; क्या वह सचमुच पागल है? यह सब कुछ, यह सच जानने के लिए मैं प्रयासरत हो गया और एक दिन उसके पास तक पहुंच गया वह पहले तो डरा लेकिन मैंने जब कहा, “डरो नहीं, मैं तुम्हें मारूंगा नहीं!”
वह मुझे बेचारगी से निहारने लगा और मुझसे लिपट कर रो पड़ा! वह यही कह रहा था, “सुनीता कहां है मुझे बात करनी है बस!”
उसने मुझे कोई नुक्सान नहीं पहुंचाया सिर्फ आशा भरी नजरों से देखता रहा, बस!
एक दिन मैं उसका पीछा करते – करते कुछ दूर के गांव प्रेमनगर पहुंच गया। और मैंने देखा कि, एक कच्चे घर से एक बुढ़िया और बूढ़े ने उसे खाना दिया और उसे नहलाना भी चाहा था। वहां भी वह दीवाना रोता रहा और थोड़ा सा खाना खाकर फिर रामपुर की ओर भाग गया; यह कहते हुए कि, “सुनीता आ गई होगी!”
मैं उन बूढ़े दंपति से बात किया और पूछा, “यह पागल तुम्हारा कौन है? और यह किस सुनीता को खोजता है?”
पहले तो वह दोनों रोते रहे और फिर मेरे सांत्वना देने पर उन्होंने बताया कि, “यह हमारी एकलौती संतान है! इसका नाम प्रेमकुमार है। यह सदा खुश रहता और हमें तथा जो भी इसके पास बैठता यह हंसता और हंसाता रहता था।
“यह हमारे गांव के पास ही एक स्कूल है जो शास्त्री इंटर कॉलेज जगतपुरा के नाम से जाना जाता है। जिसमें रामपुर गांव के सहित कई अन्य गांवों के हजारों लड़के और लड़कियां पढ़ते थे और आज भी पढ़ते हैं। हमारा यह बेटा प्रेमकुमार भी प्राईमरी से पढ़कर इंटरकालेज में जगतपुरा पढ़ने जाने लगा था।
“रामपुर की एक लड़की सुनीता भी कक्षा छठवीं से ही इसके साथ पढ़ती थी। मेरा बेटा प्रेम पढ़ने में होशियार था और सुनीता भी पढ़ने में तेज थी। प्रेमकुमार सुंदर था और जैसे जैसे आगे की कक्षाओं में प्रवेश किया अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होता रहा और आगे बढ़ता रहा! सुनीता की उसकी दोस्ती बरकरार रही।
“अब ग्यारहवीं और बारहवीं में सुनीता भी जवान हो गई थी और हमारा प्रेम भी गबरू जवान हो गया था। उसपर कई लड़कियां मरती थीं और प्रेमकुमार सुनीता पर मरता था।
प्रेमकुमार घर से जो हम पेट काटकर उसे जेब खर्च देते थे, उसे प्रेमकुमार सुनीता पर खर्च कर देता था। अब यह लोग इंटर कॉलेज से पास होकर शहर ग्रेजुएशन करने जाने के लिए जिद करने लगे थे। हमारी माली हालत ठीक नहीं थी; हमने प्रेम को कोई छोटी – मोटी नौकरी ढूंढ़ने के लिए कहा और शहर पढ़ने के लिए नहीं भेज सके!”
उन बूढ़े दंपति ने मेरे कहने पर आगे बताया कि, “सुनीता को भी उसके मां बाप ने उसे शहर पढ़ने के लिए नहीं भेजा था और प्रेमकुमार के कहने पर हम दोनों उसकी सुनीता से शादी करने के लिए राजी हो गए थे; क्योंकि वह हमारे बिरादरी से ही थी।
“उधर सुनीता नहीं जानती थी कि, यह कच्चे मकान में रहता है और गरीब परिवार से है। हम चाहते थे कि, नियमानुसार, परंपरागत तरीके से सुनीता के घरवाले आएं और शादी की बात चलाएं!”
बुढ़िया ने बताया कि, “सुनीता के घरवालों ने भी नहीं ऐतराज किया था क्योंकि कुल – गोत्र और कुंडली सभी अनुकूल थे!
“एक दिन सुनीता को लेकर प्रेमकुमार हमारे यहां आया और उसकी खूब खातिरदारी भी की थी! लेकिन हमारी गरीबी सुनीता से छुपी नहीं थी, और न ही हमने छुपाने की कोशिश ही की थी। क्योंकि सच्चे प्रेमी को तो अपने प्रेम से मतलब होता है!”
वह दोनों फफक कर रो पड़े थे और मैंने उन्हें पानी पिलाया और ढांढस बंधाया था। तब वह आगे बताने लगे कि, “सुनीता को तो मालदार चाहिए था। वह हमारे घर से जाकर अपने मां बाप से कहकर एक पैसे वाले शहरी से शादी कर लिया और वह बिदा हो गई!”
रुंधे गले से उस दंपति ने बताया कि, “जब प्रेम को पता चला तो वह दौड़कर रामपुर गया फिर रामपुर से शहर गया जहां, सुनीता का विवाह हुआ था। वह वहां कई दिनों तक भूखा-प्यासा सुनीता को खोजता रहा और फिर रामपुर आ गया था।
“सुनीता पगफेरे के लिए आई थी और जब प्रेमकुमार उसके पास गया तो, सुनीता ने प्रेमकुमार को अपने परिवार वालों से मरवाया और खुद लातों से उसे मारती रही और कहती रही कि, ‘फटीचर कहीं के, तू मेरे लायक था क्या? आज के बाद यहां दिखाई नहीं देना; वरना जान से मरवा दूंगी!’
“फिर भी वह रामपुर नहीं छोड़ा और उसके पगफेरे की बिदाई में कोसों उसकी गाड़ी के पीछे पीछे दौड़ता हुआ गया था। तबसे वह पागल हो गया और इसी हालत में रहता है!”
“आप लोगों ने डाक्टर को नहीं दिखाया?” मैंने उन बूढ़े दंपति से पूछा!
उन लोगों ने कहा, “हम उसे पकड़ाकर, खेत गहन रखकर शहर अस्पताल ले गए थे और भर्ती कराया था। डाक्टरों ने कहा कि, “सुनीता को लाओ जब तक वह इससे बात नहीं करेगी, इसका ठीक होना संभव नहीं है!”
उसकी मां ने कहा, “हम खेत, घर सब कुछ दे देंगे अगर कोई हमारे प्रेमकुमार को फिर से हंसोड़ बना दे तो!”
मैं बहुत देर तक वहां मौन बैठा रहा। मेरे पास कोई शब्द नहीं थे जो उन बूढ़े दंपति को कहकर सांत्वना दे पाता।
मैंने पैसों के अभाव में एक प्रेम को सरे बाजार बिकते देखकर यह सोच रहा था कि, ‘प्रेम करने का अधिकार भी पैसे वालों ने छीन लिया है और वह सभी कहानियां चिढ़ाने लगी हैं मुझे! जो प्रेम पर कुर्बानी की बातें कहती हैं।
जीने का अधिकार, रहने और बोलने का अधिकार पैसे वालों ने छीन लिया था लेकिन प्रेम करने का अधिकार कोई नहीं छीन सकता था, प्रेमकुमार इसका जीता जागता प्रमाण है कि, प्रेम करने का अधिकार भी दौलत ने छीन लिया है!
फिर भी कोई विरले ही प्रेमकुमार की तरह प्रेम करते हैं और एक तरफा ही सही प्रेम करने का अधिकार प्रेमकुमार को है







