कॉटेज ऑफ इमोशंस

Spread the love

 

सन्दीप तोमर

जीवन पार्क

उत्तम नगर, नई दिल्ली 

 

  (नया अध्याय, देहरादून)

 

            कॉटेज ऑफ इमोशंस

 

उसकी आदतों में वह सब सुमार है जो अमूमन उसकी उम्र के लोगों में नहीं होता, मसलन- संकरे जंगलों में भटकते रहना, पार्क या सड़क पर पिल्लो के साथ समय बिताना, उन्हें चोट लगने पर व्यथित हो जाना, या फिर घर से भोजन, दूध लाकर उन्हें खिलाना, घर से खास तौर से बारिश के मौसम में निकलना।

 

वह पहाड़ी यात्रा पर था, अपनी गाड़ी से लगातार यात्रा करते हुए वह थक गया था। ऐसी ही एक शाम थी जब बारिश कुछ देर के लिए थम गयी थी। उसने गाड़ी को रोक कर एक पहाड़ी के किनारे कर दिया। मौसम में बारिश की नमी थी, कोई दो सौ मीटर की दूरी पर स्ट्रीटलैंप की रोशनी चमक रही थी। उसने सड़क को पार किया और ढलान से उतर रास्ता पार किया। अब वह स्ट्रीट लैंप के ठीक नीचे खड़ा था। उसकी निगाह एक कॉटेज के दरवाज़े पर टंगी तख्ती पर पड़ी। कर्सरी फॉण्ट में लिखा था- “कॉटेज ऑफ़ इमोशंस”। साथ ही टैग लाइन थी: पीपल इन सर्च ऑफ़ ट्रू इमोशंस आर वेलकम। सबसे नीचे बाएं हिस्से में लिखा था: आयुषी डबराल।

 

वह द्वार के सामने खड़ा हुआ और दरवाजा खटखटाया। हल्के से पुश से दरवाज़ा खुल गया। कोई दरवाजें तक आता उससे पहले ही वह अन्दर दाखिल हो गया। कोई और वक़्त होता तो वह शिष्टाचार का पालन करता लेकिन वेलकम टैग को पढ़कर उसने इसका पालन करना जरुरी नहीं समझा।

 

वह लगभग दस-बारह फ़ीट लम्बी बालकनी को पार करके एक हॉलनुमा कमरे में दाखिल हुआ, इसे कॉटेज का रिसेप्शन भी कहा जा सकता है। कॉटेज को बड़े ही करीने से सजाया गया था। दायीं तरफ़ बनी सीढियों से एक महिला को उसने नीचे उतरकर आते हुए देखा, उसने अंदाजा लगाया कि यही आयुषी डबराल है। वह आम पहाड़ियों की तरह ही गोरी है लेकिन उसके नयन-नक्श तीखे हैं, आँखे बड़ी और कुछ अधिक ही पैनी। उसके चेहरे पर हल्की मुस्कान है।

 

“आयुषी…ड…ब…रा…ल…। “

 

“जी।“- वह इस तरह के संबोधन की अभ्यस्त है।

 

“मुसाफिर हूँ, पहाड़ों की फ़िजा, वादियों के सुहाने मौसम से नाता जोड़ने निकला हूँ, आपके दरवाजे की तख्ती से महसूस हुआ कि इस मौसम और वक़्त को देखते हुए इससे महफूज़ और बेहतरीन जगह और तलाशना यहाँ सम्भव नहीं।“

 

“जी, समझ सकती हूँ, आइये आपको कॉटेज में ठहरने और यहाँ की सुविधाओं के सम्बन्ध में समझा देती हूँ।“-कहकर वह काउंटर की ओर बढ़ गयी। आगंतुक भी काउंटर के पास उसके सामने जा खड़ा हुआ। कॉटेज के रिसेप्शन से उसने अन्दाजा लगाया कि यह एक बेहतरीन जगह होगी साथ ही कमरे भी साफ़-सुथरे होंगे।

 

आगंतुक को लेकर वह अन्दर गयी। पूरे कॉटेज में कुल जमा चार से पाँच कमरे होंगे। हर कमरे के साथ एक पट्टी टंगी थी, जिस पर चाक से एक उक्ति लिखी थी- प्रेम का रास्ता किसी चीज के गुम होने की अनुभूति कराता है- जीके सेंटरसन। दूसरे कमरे की पट्टी पर लिखा था- प्रेम जीवन में ताजगी लाता है- हेनरी केलर। इस तरह हर पट्टी पर प्रेम पर उक्ति लिखी गयी थी। लिखाई भी कलात्मक रूप से की गयी थी, गोया कोई कैलीग्राफी एक्सपर्ट का काम हो।

 

आगंतुक ने उत्सुकता जाहिर की ये जानने की कि ये इतने कलात्मक तरीके से प्रेम पर इतना खुबसूरत किसने लिखा होगा, आयुषी ने जवाब दिया-“बचपन से केलीग्राफी का शौक रहा है, मैं हर रोज सुबह की चाय के साथ उक्ति भी बदल देती हूँ, आप सोच रहे होंगे- “ये प्रेम की ही उक्तियों क्यों?”- उसने एक कमरे का दरवाजा खोलते हुए अपनी बात जारी रखी-“दरअसल जीवन में प्रेम से बढ़कर कुछ है ही नहीं।“ सुनकर आगंतुक के चेहरे पर मुस्कान फ़ैल गयी, जबकि वह जानता है प्रेम को सुन्दर शब्दों से सजाने की साज़िश का अर्थ। प्रेम नहीं है सार्थक शब्दों में, ना ही आँखों में, कीमती उपहारों में, या आलिंगनों में। ये सब प्रेम पाने के साधन हैं, या प्रेम पाने के लिए लुभाने के। उसने जीवन जिया है। वह जानता है कि प्रेम एक अनुभूत सत्य है। ये प्यार के शब्द भी कई बार प्यार नहीं होते, और न ही आलिंगन युक्त चुम्बन को प्यार का नाम दिया जा सकता। ये सब उपक्रम हैं, जिन्हें स्त्री-पुरुष दोनों ही अपनी एक इच्छा पूर्ति के लिए प्रयोग करते हैं। प्यार में कोई शेली या कीटस् की प्रेम कविताएं नहीं सुनाता। सच्चे प्रेम में प्रेमीजन एक-दूसरे के हाथों में हाथ लिए बैठे घण्टों बातचीत कर सकते हैं, जिनका कोई गूढ़ अर्थ भले न निकले लेकिन वे बातें निरर्थक कदापि नहीं होती। केवल प्रेम में ही हम एक-दूसरे से निस्वार्थ बातें कर सकते हैं, ताउम्र।

 

आगंतुक आयुषी के पीछे न होकर एक कदम आगे बढ़ता है ताकि कंधे के साथ कदम भी मिलाकर चल सके। आयुषी एक कमरे का दरवाजा पुश करके खोलती है। कमरा करीने से सजा है, आगंतुक सोचता है मानो यह कमरा खास उसके लिए सजाया गया है। पलंग पर मुलायम गद्दे हैं, सिरहाने दो तकियों को पैंतालिस अंश के कोण पर मिलकार रखा गया है। आधे से अधिक दीवान पर पायंतो की तरफ एक बारीक कम्बल आधा खुला, आधा दूसरे सिरे पर गद्दों से दबाकर रखा गया है, मानो अभी कोई कम्बल में घुसने के लिए उसे खोल गया हो। दरवाजे के ठीक बांयी तरफ एक टेबल के साथ दो केन की बनी कुर्सियां हैं, कोने में एक तिपाही पर नाईट लैंप है साथ ही काँच के जग के स्थ दो गिलास उलटे करके रखे गए हैं, दरवाजे के ठीक सामने की दीवार पर परदे हैं, आयुषी ने पर्दे तेजी से खीच एक तरफ करते हुए कहा- “मिस्टर आगंतुक, इन शीशो से आप पहाड़ी का व्यू देख सकते हैं, पहली बर्फ गिरती हुई देखना हो तो इससे बेहतरीन नजारा आपको कहीं और से नजर नहीं आ सकता।

 

दिसम्बर के अंत तक आते-आते ये सब यहाँ आम बात है, यह बात आगंतुक भी जानता है। पहली बर्फ को गिरते हुए देखना उसे रोमांचित कर देता है।

 

वह एक पल आयुषी की तरफ देखता है, आयुषी के लिए सैलानियों का उसे इस टार्ग देखना नयी बात नहीं है, वह उसे कहती है- “बायीं तरफ वाशरूम है, मैं गीज़र ऑन कर देती हूँ, आप फ्रेश हों लें तब तक मैं चाय का प्रबंध करती हूँ।“

 

“आप प्रेम पर कुछ कह रही थी, मुझे लगता है प्रेम उम्मीद का नाम नहीं है। मेरी प्यार की परिभाषा अलग हैं, काफी अलग।”

 

“यह सब मिलने/ न मिलने से अधिक स्पष्ट होता है। कोई भी नई परिभाषा चाहत का स्वरूप बदल नहीं बदल सकती। साथ रहने से भी प्रेम नहीं रह पाता और दूर होकर भी ख़त्म नहीं होता, अलग-अलग डाल पर बैठे पंछी भी प्रेम में हो सकते हैं। खैर काफी वक़त मिलेगा चर्चा करने के लिए, अभी आप आराम करें, मैं चाय का बंदोबस्त करके हाजिर होती हूँ।”

 

आयुषी बाहर निकल दरवाजे को बंद करती है। आगन्तुक के चेहरे पर मुस्कान है। दस से पन्द्रह मिनट बाद आयुषी हाथ में चाय की ट्रे के साथ उपस्थित है, केन की कुर्सी सरकाते हुए वह कप में चाय डालती है, एक कप आगंतुक के हाथ में है, दूसरा आयुषी के हाथ में, वह चाय का रंग देखकर चौंकता है, उसने गुलाबी रंग की चाय को पहली बार देखा है, हिचकिचाते हुए वह पहला शिप लेता है, चाय में चीनी की जगह नमक का स्वाद उसकी ग्रंथि को महसूस हुआ, उसने आयुषी की तरफ देखा। आयुषी ने कहा-“यह पिंक टी है, इसे स्पेशिअली कश्मीर में बनाया जाता है, कश्मीरी लोग इसे नून चाय कहते हैं, हमारे पहाड़ों में नमक को नून कहते हैं। इसे कश्मीर घाटी में पैदा होने वाली विशेष पत्तियों के फूल से बनाया जाता है। एक-दो शिप और लोगे तो आपको इसका स्वाद आएगा, मैं इसमें दो-चार बूंद नींबू का रस भी डालती हूँ, ताकि सर्दी के मौसम में सैलानियों का गला दुरुस्त रहे।

 

आगंतुक को याद आया ऐसे ही प्रयोग सुगंध भी किया करती थी, जब भी वह उसके पास जाता, हर बार नए फ्लेवर के साथ चाय बनाकर पिलाती, पिछली बार उसने श्रीलंका की स्पेशल चाय बनाकर पिलाई थी। कितना उदास था वह उस दिन, सुगंध उसकी हर अवस्था से परिचित होती है, वह समझ गयी आज फिर मीताक्षी से झगड़ा हुआ होगा, उसने कहा-“देव! तुम मिताक्षी से मन को जोड़ क्यों नहीं लेते, जब भी उससे झगड़ते हो, तुम तो मेरे पास चले आते हो, लेकिन कभी सोचा है, मीताक्षी कहाँ जाये, ऐसे ही तो उसकी कुंठा बढ़ रही है, तुम समझते क्यों नहीं देव?”

 

“मन तो जोड़ने वाला कोई नहीं, सुगंध!”

 

“स्वयं प्रकृति मां भी नहीं?”

 

“अभी ऐसा ही मान लो। कल ही तुम्हारे कहने भर से मैंने १७ साल बाद मीता से बात करनी शुरू की, और आज… ।“

 

“उसे समय दोगे तो देखना वह तुम्हें इतना प्यार देगी कि मुझे ही भूल जाओगे, दुष्यंत की तरह।“

 

“ऐसा कहोगी तो कल से पुराना देव ही रहेगा, जिसने उसे 17 साल तरसाया खुद से दूर रखकर, पुनः ऐसा ही होगा फिर।“

 

“सुगंधे से जलने की गंध भी आई होगी दो बार, मन तो मेरा भी दुखा होगा लेकिन खुश भी हूँ देखकर कि तुम उसके करीब हो रहे।”

 

“उस दिन का मुझे दुख है, अगर तुम चाहती हो कि मेरा मन उसके संग हो तो ये मिशन आज से बन्द।”

 

तब मुझसे बातें भी बंद समझो देव बाबू।”

 

“तो चैलेंज क्यों कहा? क्या तुम भी मेरे साथ सामान्य नहीं रह सकती हो, उन पलों में जब मैं तुम्हारे साथ होता हूँ?”

 

“प्रकृति से चैलेंज, तुमसे नहीं, तुमसे कैसा चैलेंज देव?”

 

“पता है चैलेंज सुनते ही कोई जाग जाता है मुझमें, सुगंधे! ऐसी धमकी न दें कभी, प्रकृति तुम से भी प्रिय।“

 

“तुम मेरी खुशी, मेरा सौभाग्य, परन्तु कायनात ने प्रिय हमें एक-दूसरे से जुदा रहने के लिए बनाया है।“

 

“आज पूछूंगा मिताक्षी से कि तुम्हें तो जो चाहिए था मिल जाएगा लेकिन मुझे मेरा खोया सम्मान कैसे दिलाओगी?”

 

क्या फायदा ऐसे सवाल करने से? क्या कोई प्रयोजन सिद्ध होगा?”

 

“आत्मा के प्रेम की देवी! बादल घिर आये, आज फिर बरसात हुई, जाने क्या बात हुई?”

 

“मेरी खुद की जिंदगी एक गिल्ट है। मैं तुम्हें क्या ही खुशियाँ दे पाती हूँ देव !”

 

“जैसा भी मैं हूँ वैसा ही स्वीकार कर लो सुगंधे! आँसू भी सबके लिए कहाँ बहे, बस कतरा था, बह गया। जल्दी ही हम एक नए संसार मे होंगे, जहाँ तुम होंगीं और मैं हूँगा, हमारे सपने होंगे।“

 

“अधीरता, जिद्दीपन, और एकाधिकार प्रेम के लक्षण हैं?”

 

“सुगंधे! मैं कुछ भी हो सकता हूँ, दुनिया के लिए, लेकिन तुम्हारे लिए बस तुम्हारा स्नेहिल प्रेमी ही रहूँगा।“

 

“मेरी गलती है, जो तुमको इतने अधिकार से समझाती हूँ, मन पर पत्थर रख तुम्हें मिताक्षी के नजदीक जाने को कहती हूँ।“

 

“मुझे आक्रोशित नहीं होना चाहिए, मुझे अपनी कमियों पर सोचना होगा बारम्बार।“

 

“बीते कल को भूल जाओ, बेकार लम्हों को यादों में नहीं रखते। इंसान ही हैं हम फिर देवस्त्व की क्यों उम्मीद? अंखियन में भरे थे इंद्रधनुषी रंग… श्याम रंग जो बूडे फिर चढ़ा न दूजा रंग।“

 

“अगर मैं लड़की होता और तुम्हारे पति तुम्हारी जगह मुझे देखने आते तो मैं शादी के लिए मना कर देता।“

 

हालात देव बाबू, हालात।“

 

ओह!”

 

“चिरनिद्रा में सोना चाहती हूँ कभी भी न जगने के लिए, उनका भविष्य उज्ज्वल और सुखद हो, हम तो भोर के दीपक हैं देव!”

 

प्रेम शाश्वत है कि तुमको बर्बाद कर दूँ अपने हाथों से…

 

एक स्त्री तोड़ना चाहती वर्जनाओं को,

 

पर अपने भीतर अनेक स्त्रियों से घिरी है स्त्री

 

मुस्कान दी प्रेम को थामा हाथ भी,

 

और गले लगने से पहले मरी है स्त्री

 

हर रोज मन के आईने में खुद से मिलाती है नज़र सहमी सी

 

किसी और से कहाँ डरी है स्त्री

 

लम्बी होगी खूब…

 

पाना चाहकर भी पाती नहीं

 

कितना कुछ है जो जताती नहीं।

 

“ओह! तुम किस लोक में चली जाती हो? लौट आओ, इसी मृत्युलोक में, अभी बहुत जीना है, प्रेम में रहना है, प्रेममय होकर रहना है।“

 

“नींद नहीं आई?”

 

“नींद आती ही कहाँ है अब, बड़ी लम्बी रात है।“

 

“देव! तुम मिताक्षी के पास लौट जाओ, मेरे प्रिय, मेरा कहा मान भी लो।“

 

“एक मजाक बार बार किया जाए तो अभद्र होने लगता है। हम दोनों के बीच सब कुछ अच्छा होने के बावजूद मुझे मेरे अहम् से बहुत लगाव है। उसके हर्ट होने की वजह न बनो, ये कोशिश कीजियेगा। आप कह सकते हैं कि मैं एगोइस्ट हूँ। लेकिन मैं कोशिश करता हूँ मेरा अहम् हमारे रिश्ते के बीच न आए, आपको भी मेरे सेंटीमेंट्स की कद्र करनी है और मुझे आपके। हम अपने अनमोल पलों को किसी मिताक्षी या युगल की वजह से जाया नहीं कर सकते न?” हमें खुद को, खुद के प्रेम को भरपूर जीना है।“

 

“मेरी किसी भी बात का मतलब कुछ भी हो पर तुम्हें आहत करना कभी न होगा देव!”

 

“समझता हूँ, लेकिन रिश्तों में शीतलता का कई बार शिथिलता में भी बदलने का अंदेशा रहता है।“

 

“अगर ऐसा होता है तब –

फिर बाहों की गर्मियाँ होती।

नेह की नरमियां होती

आओ! उगती हुई नेह

नरगिस के सीने पर रख दें

एक पत्थर हम तुम अपने हाथों से…

 

 

‘पता है नरगिस कैसे उगती है?”

 

“पत्थरीली जमीन में पत्थरों का सीना चीर कर… हजारों साल नरगिस अपनी बेनूरी पर रोती है… ।“

 

“ये बॉन्डिंग कितनी अच्छी है न प्रिये?”

 

“प्रेम में इतनी ईमानदारी होनी चाहिए कि एक समय में एक ही स्त्री से प्रेम हो।“

 

“कुछ आँसू कुछ मुस्कानें,

ले गये कितने जाने!”

 

“प्रेम में इतनी ईमानदारी रहने दो… एक समय में एक से यारी रहने दो।“

 

“पता है सुगंधे, तुम्हारे साथ पूरे दिन एकांत में बैठकर बतियाना चाहता हूँ। जहाँ कोई बाधा न हो, बस तुमको सुनता रहूँ, नींद की भी परवाह न रहे।“

 

तो नींद से जगाने की गुनहगार हुई,

हर घड़ी उनकी तलबगार हुई,

कहा कुछ भी बिन जाने, बूझे

जाने कब मैं इसकी हकदार हुई ।

म का होना भी गज़ब है

कोई क्या जाने मैं कितनी शर्मसार हुई

खुद को दगा दिया तब कहीं वफ़ादार हुई

ज़माना जानेगा जिस दिन कहेगा बस इतना मिसाली बहू थी

वो कैसे गद्दार हुई?

दर्द की हदों में थी वो कब से सरहदों में थी

एक उजास रोशनी सी दिखी तब कहीं जाके वो हद पार हुई

हमने सोचा कि प्रेम के अतिरेक में सूखा हलक

तब दवाइयाँ बोली मोहतरमा ये हम हैं

कुछ सूझता नहीं एक तेरे सिवा,

मत कहो कि ज़माने की खब़र रखा कर

कहीं आने का न जाने का

बस मन सजना से बतियाने का

और दौरे पतझड़ है होने दे पर बहार पर नज़र रखा कर

मुश्किलें है होगी ही भीड़ से अलग चल अपना पहला सी असर रखा कर

तू मन पाखी की चहक है।

जब 8वी क्लास में पढ़ता था तब से एक प्रेमिका का ख़्वाब देखा रोज हर रोज

 

किसी एक लड़की में वह सब न था जिसकी कल्पना करता था, तुम्हे सुनकर हँसी भी आएगी, वह कोई स्लिम लडकी न होकर भरे बदन की होती। मोटे गाल, मांसल टांगे, और… 36″ उरोज, उभरे नितम्भ, बड़ी पलकें, जो मेरे घर आते ही चुम्बन की बरसात कर दे। रसोई में बाहों का घेरा। जितनी देर घर में रहे, वह एक पल को दूर न हो, वह ड्राइव करे, मैं साइड सीट पर, छाते वाली मेज पर रेस्तरॉ के लोन में बैठे, हाथ मे हाथ लिए और पता है उसमें बिना इंटरकोर्स के सहवास। बस एक-दूसरे की बाहों में सिमटे। बात करते हुए सो जाएं। सुबह उठे तो चाय देख वह चौंक जाए, बोले-ओह मेरे देव! हम साथ सोये फिर तुम इतनी जल्दी उठ गए।“

 

“अब मैं पूरी तरह से एक स्त्री हो जाना चाहती हूँ मन से भी तन से भी, ये भी तो हो सकता है कि मैंने तुमसे पूछा हो, मिताक्षी नहीं इतनी उदारमना, उसे तुम्हारे खो जाने का डर है और मुझे पा जाने का, कैसी विडम्बना है?” कोई पाने से डरता है कोई खोने से डरता है, जिसकी जिंदगी थी कहकशां, अतीत में वही कालांतर में देख रोने से डरता है, ये कहा वरना मैं जाने देती, न भाई न मित्र. कुछ न कहती, स्वामी जी की कही बात को झुठलाने की जिद थी, द सीक्रेट पर बात हो रही थी पर ‘द सीक्रेट’ यही कहती है-

 

भौतिक कुछ न चाहा

बस यही कि सही राह पर चलूँ

अच्छे काम करूँ

और बच्चों को ठीक से देख पाऊँ

उनकी पढ़ाई…

पर ये प्रार्थना नहीं की कि वो आए

जाने की प्रार्थना कर लूँ

ईश्वरीय कार्य में व्यवधान न होना था

मेरे पास बहुत है जीने के लिए

कम उमरी, अनुभवहीनता, पारिवारिक जिम्मेदारियां

क्या नहीं था सभी कुछ तो भरा-पूरा था

 

जब लेखन देखती हूँ तो श्रद्धा घुल जाती है, स्नेह में लगता है कोई शिकायत न की जाए कुछ न कहा जाए… और जब तुम्हारे अंदर का शरारती और बद्तमीज बच्चा दिखता है न तो मन करता है पहले गालों को पकड़ कर खींच कर दो प्यार भरे चपत लगाएं जाएं , यहाँ वात्सल्य उमड़ आता है… मैं कुछ न कहूँ अब।“

 

प्रेम तो श्रद्धा का बैरी रहा है सदा से, तुम कहती हो अपनी बेटी को नाराज नहीं करना चाहती, वह जानती है तुम्हारे बारे में, अब बड़ी हो गयी है, पच्चीस बसंत जो देख लिए हैं उसने, फिर कहती हो- नहीं सिर्फ तुमसे बात करनी है बस। तुम कहती हो सब ठीक कर लूँगी, फिर कहती हो अभी बात करनी है, अभी मौका मिला है। कितना उलझा देती हो तुम विचारो को, मेरी बातों का गलत अर्थ मत निकालना लेकिन तुम्हारी बेटी को लगता है कि मेरी वजह से सब हो रहा। तुम उसे समय नहीं देती हो, बिजी रहती हो, मतलब मेरे साथ। तुमने ही कहा कि कुछ हो गया तो बेटी से ये नहीं कहलवाना कि तुम वजह हो।“

 

“तुम्हारी आवाज की खनक, तुम्हारी हँसी मेरे लिए मायने रखती है। लेकिन कृत्रिम हँसी नही, स्वाभाविक हँसी।“

 

आगंतुक के कानों में आयुषी डबराल की हँसी की आवाज़ पड़ी तो वह यादों के भंवर से बाहर आया। आयुषी के हाथ में ट्रे थी, दो चाय के कप, टोस्ट की हुई ब्रेड के पीस और साथ में चीनी का बाउल। ट्रे मेज पर टिकाते हुए आयुषी ने कहा-“लगता है कहीं खोये थे, वाशरूम तक नहीं गए, चेहरे की हालत बता रही है कि पानी के छींटे नहीं पड़े।“

 

“जी, कुछ यादें इंसान का उम्र भर पीछा नहीं छोडती, जहाँ भी इंसान जाता है, उससे कदम मिलाकर कमबख्त ये यादें भी चलने लगती हैं।“ आगंतुक सोचने लगा कि उसके जीवन में तो एक साथ दो-दो की यादें हैं, मिताक्षी उसकी बिहायता है तो सुगंधे उसके दुःख के पलों की साथी।

 

“लीजिये चाय पीजिये।“ कहते हुए आयुषी ने कप उठाया और आगे बढ़ा दिया। कप लेते हुए आगंतुक की अंगुलियाँ उसकी अँगुलियों से स्पर्श हुई तो उसे एक अलग अहसास हुआ। कुछ पल दोनों के हाथ हवा में ही ठहरे रहे। एक अरसे बाद आगंतुक को किसी की छुवन से ऐसा अहसास हुआ। आयुषी अपलक उसे देख रही है, कुछ खिसियाते हुए वह हाथ छुड़ा दूसरा कप उठा पहला सिप लेती है, पीछे की दिवार के शीशों के परदे हटे हुए हैं, बारिश अब बंद है लेकिन पेड़ों के पत्तों से बूंदें अभी टपक रही हैं।

 

“आपके शहर का मौसम वाकई बहुत सुहाना हो गया है। अगर इजाज़त हो तो थोड़ी देर टहला जाए?”

 

“जी, आज इधर ज्यादा कस्टमर भी नहीं हैं, आप और एक और कोई चित्रकार हैं, मैं कुक को खाने का समझा कर तैयार होती हूँ, तब तक आप भी टियर हो जाइये, और हाँ, फिर से यादों में न चले जाइये।“

 

आगंतुक के चेहरे पर मुस्कान है, आयुषी ने चाय का आखिरी सिप लिया और कप ट्रे में रख दिया। आगंतुक का कप खाली हुआ तो वह ट्रे उठाकर कमरे से बाहर चली गयी। आयुषी के जाते ही आगंतुक फ्रेश हुआ। उसने अपना पसंदीदा कोट पहना और क्लाइव क्रिश्चियन परफ्यूम छिड़का, यह एक खास किस्म का परफ्यूम है जिसे वह खास मौके पर ही इस्तेमाल करता है. इसकी एक बोतल को उसने एक लाख साथ हज़ार रूपये में ख़रीदा है, इस बोतल को देखकर मिताक्षी ने कहा था- क्या खास है इसमें जो इतने पैसे बर्बाद कर दिए?, देव ने उस वक़्त कोई जवाब नहीं दिया, शौक क्या होते हैं ये वह मिताक्षी को नहीं समझा सकता, उसने बोतल दिखाते हुए कहा, देखो इस परफ्यूम की क्रिस्टल बॉटल नेक को 24 कैरेट गोल्ड में मढ़वाया जाता है। तभी तो इसकी इतनी कीमत अहि, लेकिन मिताक्षी को ये सब बातें ज्यादा समझ नहीं आती। तैयार होकर वह रिसेप्शन पर पहुँचा, आयुषी पहले से तैयार खड़ी है, दोनों कोटेज़ से बाहर निकल एक पहाड़ी के किनारे-किनारे चलने लगते हैं, चलते हुए आगंतुक ने देखा कि पहाड़ियों के बीच एक लम्बा समतल मैदान है, वह आश्चर्यचकित हुआ, कैसे इन ऊँची-नीची पहाड़ियों के बीच इतना बड़ा समतल, उसने आयुषी से उसी समतल की और चलने का इशारा किया, दोनों पहाड़ी से उतरने लगे, अचानक आगंतुक का पैर फिसला. आयुषी ने खतरा भांपते हुए उसका हाथ पकड़ा और कहा-“ये पहाड़ियां हैं जनाब, संभल कर चलिए, न जाने कब कहाँ और किस हाल में फिसल जाएँ,?”

 

आगंतुक ने आयुषी की कलाई पर पकड बनाते हुए उसके चेहरे की ओर देखा, आयुषी के चेहरे पर एक मोहक मुस्कान थी, अब आगन्तुक आयुषी से एक कदम पीछे रखते हुए संभल कर उतर रहा था। पहाड़ी से उतरने के बाद वे समतल घास के मैदान पर चलते हुए एक चट्टान पर आकर बैठ गए हैं। चाँद अपनी अनुपम चांदनी बिखेर रहा है, आयुषी ने कहा-“ आज मौसम वाकई बहुत खुबसूरत हो गया है, सर्दी में लोंग मून नाइट्स लोगो के दिलों को आनंदित करती है।“

 

“मैंने सुना है ट्री टॉप कॉटेज भी लोगों को आकर्षित करते हैं।“

 

“हाँ. सही सुना है आपने, यहाँ से कुछ ही दूरी पर ट्री टॉप कॉटेज हैं, वहाँ अधिकतर हनीमून कपल्स आते हैं, मेरा भी एक ऐसा ही कॉटेज है, जो अच्छी खासी आमदनी का सोर्स है।“

 

“अच्छा, कितनी दूरी पर है? क्या अभी वहां तक जा पाना संभव होगा?”

 

“असम्भव तो नहीं है लेकिन अभी समय अपनी रफ़्तार से भाग रहा है, फिर वापिस भी चलना है, रात्रि का भोजन भी तैयार हो चुका होगा।“

 

“अच्छा, ये बताओ, क्या आपके ट्री टॉप कॉटेज में आज कोई कपल ठहरा है?”

 

“ नहीं, आज की कोई बुकिंग नहीं है।“

 

आगंतुक ने सुना तो आयुषी का हाथ पकड़ एक झटके में उठा और कहा-“फिर चलो, कॉटेज दिखा ही लाओ, जिन्दगी का कोई भरोसा नहीं, जब जिस रोमांच का मौका मिले, उसे भुना लेना चाहिए।

 

आयुषी बिना किसी विरोध के उसके साथ उठ खड़ी हुई, लगभग आधा घंटा चांदनी से नहाती ऊँची-नीची डगर पर चलने के बाद वे ट्री कॉटेज के पास थे, आगंतुक ने देखा, थोड़ी-थोड़ी दूरी पर ट्री कॉटेज हैं, आयुषी एक कॉटेज के पास जाकर रुकी, लोग सीढियों से चढ़ते हुए दोनों द्वार तक पहुंचे, अपनी जेब से एक चाबी निकाल आयुषी ने द्वार पर पड़े ताले को खोला, लाइट्स की जगमगाहट देख आगंतुक हैरान रह गया, इसमें बालकनी के साथ दो अलग-अलग कमरे बनाए गए हैं। कमरों को हवादार बनाने के लिए पीछे की तरफ खिड़कियाँ हैं, आगे की तरफ बालकनी है, जिसमें लकड़ी की ही ग्रिल लगी है, छत ढलाननुमा बनायीं गयी है, उसमें लकड़ी के ऊपर टिन की एक लेयर है, एक कमरे में केन तीन कुर्सियों के बीच एक मेज है, एक तरह छोटा स्टूल रखा गया है, जिस पर नाईट लैंप रखा गया है, सज-सज्जा एकदम लाजवाब है।दूसरे कमरे में बैड लगा है, जिस पर मोटे गद्दे हैं, साथ ही दो बड़े मुलायम तकिये रखें हैं, गरम कम्बल को बाद सलीके से रखा गया है। आगंतुक का मन देखकर ही रोमांचित है। पूरे कॉटेज का मुआयना करके वे ग्रिल के साथ आकर खड़े हो गए। आयुषी आगन्तुक के बहुत करीब है, इतना करीब कि दोनों एक-दूसरे की सांसों की गर्माहट को बारिश के बाद के इस सर्द मौसम में भी अनुभव कर पा रहे हैं। उनके बीच का फासला धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। यह इतना कम हो गया है कि बस सांसे मिलकर एक हो जाने को आतुर हैं। बातों की ध्वनि कम होती जाती है और दोनों की ही कलाई गुंथ सी गयी है, अब बातचीत का सिलसिला एकदम बंद है, उनके कदम बिस्तर की और बढ़ रहे हैं, बिस्तर के पास के नाईट लैंप की लौ से धीमी रौशनी आ रही है।

 

आयुषी ने कहा-“जनाब! यहाँ हर काम की कीमत तय है? अगले कदम से पहले लेन-देन तय कर लिया जाए?”

 

आगंतुक ने नाईट लैंप की लौ से आती धीमी रौशनी में भी बिस्तर के ठीक सामने तख्ती पर लिखी उक्ति को साफ-साफ पढ़ा- “प्रेम एक व्यापार है, यहाँ हर रिश्ते का मूल्य तय है।“

  • Related Posts

    जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी आते हैं!

    Spread the love

    Spread the love  सम्पादक मध्यप्रदेशः राजेन्द्र सिंह जादौन                         (नया अध्याय)   जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी…

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    Spread the love

    Spread the love  सुश्री सरोज कंसारी                                              लेखिका एवं…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी आते हैं!

    • By User
    • November 10, 2026
    • 11 views
    जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी आते हैं!

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    • By User
    • November 9, 2026
    • 11 views
    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    नज्म

    • By User
    • November 9, 2026
    • 25 views
    नज्म

    कर्मफल (भाग 25)

    • By User
    • November 9, 2026
    • 15 views
    कर्मफल  (भाग 25)

    नवम्वर‌ राज्य स्थापना के बाद भी पर्वतीय विकास की उपेक्षा, राज्य सरकारों पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने उठाए सवाल।

    • By User
    • November 9, 2026
    • 10 views
    नवम्वर‌ राज्य स्थापना के बाद भी पर्वतीय विकास की उपेक्षा, राज्य सरकारों पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने उठाए सवाल।

    26वें राज्योत्सव पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” का हुआ विमोचन।

    • By User
    • November 9, 2026
    • 8 views
    26वें राज्योत्सव पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” का हुआ विमोचन।