राजेंद्र रंजन गायकवाड
(सेवा निवृत्त)
केंद्रीय जेल अधीक्षक
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
बदलते हाल से हैरान हूँ,
ये कैसा अजीब वक्त आ गया है,
इंसान, इंसान को पहचानता नहीं,
रोज स्क्रीन पर “like” बटन दबाते है।
पेड़ कट रहे हैं, अंधाधुंध रोज
चमचे “save tree” कुर्ते पहनकर
स्टोरी स्टेटस में बेशर्मी से मुस्कराते हैं।
समंदर चीख रहे हैं, जलते जलयानों से
सब हेडफ़ोन लगाकर गाने गुनगुनाते हैं।
प्यार अब एप पर स्वाइप हो रहा है,
दोस्ती ऑनलाइन स्टेटस से फरमाते हैं।
बच्चे खेलना भूल गए, है कंचे -कबड्डी
उँगलियाँ सिर्फ स्क्रीन पर दौड़ाते हैं।
नेता जी बोलते हैं “विकास” हो रहा है
हवा में जहर के बादल, लहराते हैं।
वैज्ञानिक कहते हैं कि “प्रगति”, है, भाई
दिलों में झूठ के दावे शरमाते हैं।
मैं रोज खिड़की से बाहर देखता हूँ,
आसमान तो प्रदूषण से काला है
सुबह की किरणें देखने तरस जाते हैं।
फिर भी सब कहते हैं “ये तो नॉर्मल है भाई,
दुनिया में तो ऐसे उतार चढ़ाव आते हैं “
पर मैं हैरान हूँ… दुनियां देखकर !
क्या हम सच में इतने अंधे हो गए हैं,
कि मतलबी बाजार देखकर
बस “ट्रेंडिंग” कहकर आगे बढ़ जाते हैं?
अफसोस! दुनिया बदल रही है
पर हम नहीं बदले इसलिए घबराते हैं।







