प्रभारी सम्पादकः दिनेश शात्री।
बीपीएस केशोवाला का समर कैम्प सम्पन्न
संस्कृतिकर्मी डॉ. पुरोहित ने किया प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन
देहरादूनः केशोवाला स्थित बलूनी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को समर कैंप का समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि प्रो. डी.आर. पुरोहित ने बच्चों को गुरु मंत्र देते हुए कहा कि जीवन के किसी भी मोड पर निराशा से कभी हार न मानें बल्कि अपने लक्ष्य की ओर सदैव बढ़ते रहें, निश्चित रूप से उन्हें अंततः सफलता मिलेगी।
उपप्रधानाचार्या डा. प्रांजलि पुरोहित भट्ट ने सभी अतिथियों का मंच से स्वागत किया और बताया कि बच्चों के लिए स्कूल में 24 मई से समर कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में बच्चों को क्ले आर्ट, थियेटर, योग, लोक एवं पाश्चात्य संगीत और नृत्य, ज़ुंबा, पारंपरिक लोक कला, स्विमिंग, फुटबाल, क्रिकेट, स्क्रैबल आदि गतिविधियां कराई गईं। उन्होंने बताया कि बच्चों ने इस कैंप में उत्साह से भाग लिया। कैंप का समापन प्रसिद्ध रंगकर्मी अंजलि नेगी द्वारा रचित और अकादमिक समन्वयक आवृत्ति पुरोहित पोखरियाल द्वारा संचालित ‘हिरण्यकश्यप के मर्डर केस’ नाटक से हुआ, जिसमें बच्चों ने अपने हुनर और संवादों से अंकिता भंडारी के साथ हुए अन्याय के लिए न्याय तंत्र से गुहार लगाई और दर्शकों को भी महिला सुरक्षा में चूक के लिए झकझोर दिया। धन्यवाद ज्ञापित नीतीश बलूनी ने किया।
समर कैंप के समापन अवसर पर स्कूल प्रबंधक कविलास नेगी, डॉ. के.सी. पुरोहित, प्रदीप भट्ट, शिक्षकगण, अभिभावक, छात्र आदि उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों एवं छात्रों को प्रमाण पत्र देकर उनके कार्यों के लिए सराहा गया।







