ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज की लचर स्वास्थ व्यवस्थाओं और प्रशासन की उदासीनता से जनता परेशान।
अल्मोड़ाः अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज जो कि इस पर्वतीय क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए जीवन रक्षक केन्द्र की भूमिका निभा सकता था,वह रेफर सेंटर बनता जा रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता संजय पांडे का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से स्वास्थ सेवाओं की बेहतरी के लिए संघर्ष करते आ रहे हैं। जिला अस्पताल,बेस अस्पताल तथा अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में विषेशज्ञ डॉक्टरों की तैनाती,पूर्ण स्टाफ, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, जांच मशीनों की व्यवस्था के लिए स्वास्थ्य विभाग व शासन प्रशासन से लगातार मांग करते आए हैं।
श्री पांडे का कहना है कि उनके अथक प्रयासों के बाद मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित है,हाल ही में बूस्टर उपकरण भी लगाया गया है लेकिन आश्चर्य की बात है कि इसके बाद भी मरीजों ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिल कराने के लिए दूरस्थ शहरों का रुख करना पड़ रहा है। यहां प्लांट लगने के बाद भी मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में पिछले कई सप्ताह में सीटी स्कैन मशीन खराब पड़ी है, जिससे हृदय रोग, न्यूरोलॉजिकल रोग, कैंसर सहित अनेक गंभीर बिमारियों के मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गर्भवती महिलाओं को बार बार यहां से हल्द्वानी के लिए रेफर करना उनके जीवन के साथ खिलवाड़ है।
संजय पांडे ने बताया कि उन्होंने इन गंभीर समस्याओं को लेकर महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य प्रो.आशुतोष सयाना को अवगत कराया है तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइनCHML 0520258763544 पर शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ मंत्री के हाल के दौरे के दौरान, मंत्री जी ने मेडिकल कॉलेज का भी दौरा किया था तो वहां पर मेडिकल प्रशासन, जनप्रतिनिधि व जिलाधिकारी भी मौजूद थे लेकिन किसी ने भी इन गंभीर मुद्दों को मंत्री जी के समक्ष नहीं रखा।यह जनता के प्रति अन्याय व शासन प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन जल्द से जल्द इन मांगों को पूरा नहीं करता है तो यहां की जनता के साथ मिलकर प्रभावी जन आंदोलन करेंगे और कानूनी कार्रवाई सहित हर कदम उठाने को मजबूर होंगे।







