प्रेरणा गौतम, मध्य प्रदेश।
आज भी जिंदा है अंधकासुर?
अंधकासुर… नाम सुना होगा। पुराणों में लिखा है कि ये राक्षस धर्म के लिए सबसे बड़ा खतरा बना था। भगवान ने इसका वध किया ताकि धर्म की रक्षा हो सके। लेकिन लगता है, अंधकासुर मरा नहीं था बस उसने अपने अवतार बदल लिए। आज वो राक्षस गदा-तलवार लेकर नहीं आता, आज वो धर्म के ठेकेदार बनकर आता है। फर्क इतना है कि पहले वो देवताओं को ललकारता था, अब ये शास्त्रों को ललकारता है।
आज के अंधकासुर का नया रूप बड़ा दिलचस्प है। ये खुद को पांचवां जगतगुरु घोषित कर चुका है। चार पीठों की रचना जगतगुरु शंकराचार्य ने धर्म की रक्षा के लिए की थी। उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम चारों दिशाओं में धर्म के ध्वज गाड़े गए। लेकिन साहब, अंधभक्ति में लीन भक्तों ने नया खेल कर दिया। चार पीठों के बीच से झांककर पाँचवा पीठ बना लिया और उस पर बैठ गया “महामहिम अंधकासुर महाराज”!
अब ये महाराज क्या करते हैं? इनका काम है—जो सदियों से स्थापित है, उसे ही गलत साबित करना। जिन धर्मशास्त्रों ने हजारों सालों की कसौटी पर खुद को साबित किया, उन पर सवालिया निशान लगाने का ठेका इन्हीं के पास है। साहब इतने महान हैं कि दक्षिण के वे विद्वान, जिन्होंने अपना पूरा जीवन संस्कृत और वेदों के अध्ययन में खपा दिया, वो सब इनके सामने शून्य हैं।
“अरे, ये सब क्या जानते हैं? असली ज्ञान तो मेरे पास है,” ये कहते हुए साहब मोबाइल निकालते हैं और गूगल बाबा से प्रमाण ले आते हैं। गूगल का स्क्रॉल ही इनका वेद है, और व्हाट्सऐप यूनिवर्सिटी ही इनकी गुरुकुल।
अब सोचिए, जब कोई आदमी गूगल के सहारे वेदों को गलत साबित करने लगे, तब समझ लीजिए कि नया अंधकासुर आ चुका है। पहले जो राक्षस शक्ति के बल पर लड़ा था, आज का अंधकासुर ट्रेंडिंग हैशटैग, फेसबुक लाइव, और यूट्यूब कमेंट बॉक्स लेकर आया है।
“सत्य क्या है?” ये अब शास्त्रों से नहीं, बल्कि इंस्टाग्राम रील से तय होता है। “अध्यात्म क्या है?” इसका जवाब अब टिकटॉक वीडियो देता है ‘दो मिनट में गीता का ज्ञान’।
संवाद
साहब को किसी ने कहा—“महामहिम, ये वेद-पुराण आपने पढ़े हैं?”
साहब बोले “पढ़े क्यों? गूगल कर लिया।”
“पर दक्षिण के वे विद्वान…” अरे छोड़ो उनको। वो सब पुराने जमाने के लोग हैं। असली ज्ञान तो मेरे पास है। मैंने चार नए वेद रचे हैं ‘लाइकवेद’, ‘शेयरवेद’, ‘सब्सक्राइबवेद’ और ‘कमेंटवेद’।”
अब इन महाराज के पीछे भक्तों की फौज लगी है। जो कहते हैं—“जो महाराज कहें वही सत्य है। बाकी सब मिथ्या।” भक्तजन इतना डूब चुके हैं कि कोई प्रश्न पूछ दे तो उसी को अधर्मी, नास्तिक, और पापी घोषित कर देते हैं। सोशल मीडिया पर ऐसे भक्तों का नारा चलता है अगर महाराज बोलें सूरज पश्चिम से उगता है, तो विज्ञान की ऐसी की तैसी। हमारी टाइमलाइन पर तो यही उगेगा!”
सवाल उठता है क्यों धर्म को सबसे बड़ा खतरा बाहर से नहीं, अंदर से है? क्योंकि पहले धर्म के विरोधी तलवार लेकर आते थे, अब ठेकेदार ही गूगल के स्क्रीनशॉट लेकर आते हैं। पहले शास्त्रों को मानने वाले साधु-संत धर्म की रक्षा करते थे, अब शास्त्रों को तोड़-मरोड़कर नए ठेकेदार खुद को धर्म का अवतार बताते हैं। जो लोग खुद संस्कृत का एक श्लोक भी बिना गूगल के नहीं बोल सकते, वो अब वेदों के सम्पादक बने बैठे हैं। और मज़ा ये कि इनके भक्त कल्प ईमोजी डालकर कहते हैं “वाह महाराज! आपने तो सब गलत साबित कर दिया।”
पहले धर्मयुद्ध में धनुष-बाण चलते थे, अब कमेंट सेक्शन में गालियाँ चलती हैं। पहले शंख बजता था, अब नोटिफिकेशन टनटनाता है। पहले सेना एकत्र होती थी, अब फॉलोअर्स की गिनती होती है। आज के अंधकासुर को मारने के लिए कोई चक्र नहीं चाहिए, बस विवेक चाहिए। पर विवेक कहाँ है साहब? जब एक क्लिक में धर्म बिक रहा हो, जब एक वीडियो में सनातन की परिभाषा बदल रही हो, तब विवेक को कौन पूछेगा?
“जो ट्रेंड करे वही धर्म। जो वायरल हो वही सत्य।”
इसलिए महाराज कहते हैं “शास्त्रों को छोड़ो, मेरी पोस्ट पढ़ो। मोक्ष चाहिए? लिंक बायो में है।” भाई, अब तो अध्यात्म भी एफिलिएट मार्केटिंग में बदल चुका है।
अंधकासुर आज भी ज़िंदा हैरूप बदलकर, माध्यम बदलकर। पहले उसकी आँखों पर अज्ञान की पट्टी बंधी थी, आज उसकी आँखों पर ट्रेंडिंग की पट्टी है। पहले वो धर्म को शक्ति से डुबोना चाहता था, आज ये लाइक और शेयर से डुबो रहा है। धर्म की रक्षा तब हुई थी जब भगवान ने सुदर्शन चक्र चलाया था। अब धर्म की रक्षा तभी होगी जब हम चक्र नहीं, बल्कि समझ का प्रयोग करेंगे।
ये अंधकासुर सिर्फ दूसरों को नहीं, हमें भी अंधभक्ति के दलदल में धकेल रहा है। इसलिए सावधान! अगली बार जब कोई पाँचवा जगतगुरु बनकर सामने आए, तो उसे पूछो ‘भाई, वेदों से बड़ा तेरा व्हाट्सऐप कब से हो गया?’”







