ब्यूरो कुमाऊ: दयानन्द कठैत अल्मोड़ा
(नया अध्याय)
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने नंदा देवी मंदिर में चल रहे कार्यों का किया निरीक्षण।
अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज नगर के नंदा देवी मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों तथा विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में स्थापित बिजली के खंभों को आवश्यकतानुसार स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।साथ मंदिर की चारदीवारी, मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों एवं अन्य निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने स्थानीय निवासियों की आपत्तियों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नंदा देवी मंदिर परिसर एक प्राचीन एवं सांस्कृतिक धरोहर है, जिसके संरक्षण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मंदिर के प्राचीन स्वरूप को संरक्षित रखते हुए ही सभी कार्य किए जाएं तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति एवं प्रशासन आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि मंदिर परिसर का विकास और धरोहर संरक्षण संतुलित रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी संजय कुमार, पुरातत्व अधिकारी डॉ. चन्द्र सिंह चौहान, मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा, मनोज संवाद, पार्षद अमित शाह (मोनू), पार्षद अर्जुन बिष्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।








