संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
कन्नौज में गंगा दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, मेहंदी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम।
कन्नौजः गंगा दशहरा पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सोमवार को आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और विनोद कुमार ने मेहंदी घाट पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने स्नान घाट, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था का अवलोकन किया। अधिकारियों ने कहा कि गंगा दशहरा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल, फ्लड पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की तैनाती की गई है। इसके अलावा खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किया गया है, जिससे मेले में बिछड़ने वाले लोगों को तत्काल सहायता मिल सके। पूरे क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर प्रत्येक सेक्टर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
मेहंदी घाट और उससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।







