सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री एवं शिक्षिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, (रायपुर, छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
लेख
“दुःख से लड़ो मत, उसे देखना सीखो”
– सुश्री सरोज कंसारी
================================
हौसला संजो, धीरज धारण कर,
विपदाएँ खंडित करने नहीं आतीं।
ये तो पथ के शूल चुन-चुनकर
गंतव्य का पथ प्रशस्त करतीं हैं।
जीवन के सुख और दुख दोनों को सहजता से स्वीकार करके ही खुशी से जिया जा सकता है। न दुःख हमेशा रहेगा, न सुख – सब गुजर जाएगा। दुःख-सुख के बीच घूमती जिंदगी का हर रूप प्यारा होता है। बस देखने, समझने और सोचने का तरीका सही हो। जिंदगी हर समय एक नया अवसर देती है। किसी बात पर नाराज होकर कड़वाहट भरकर खुद को सजा मत दीजिए। आपके पास जो भी क्षण हैं, उसे सादगी, शालीनता, संस्कार और मर्यादा में रहकर बिताइए। सुख के पल को सदा पकड़कर नहीं रखा जा सकता। समय के तेज प्रवाह में दुःख-सुख निरंतर बहते रहते हैं। कुछ भी एक जगह स्थिर नहीं। हर किसी के जीवन में जो आया है, वह समय भी एक दिन निकल जाएगा। दुःख में अति विचलित होने की बजाय धैर्य से काम लीजिए।
हमेशा सकारात्मक रहें, स्वयं को शांत रखें। मन चाहे खराब हो या अच्छा, बुरे शब्द न बोलें। दुःख को टालो मत, उससे होकर गुजरो। दुःख कोई दुश्मन नहीं है, ये जीवन का शिक्षक है। हम अक्सर दुःख को दबा देते हैं, बहाने ढूंढते हैं, या नशे, मनोरंजन और शिकायतों के पीछे छिप जाते हैं। लेकिन जो दुःख टाल दिया जाता है, वो लौटकर दोगुना होकर आता है। दुःख से भागने की बजाय उसके सामने खड़े होइए। उसे देखिए, समझिए, उससे पूछिए कि वो क्या सिखाना चाहता है। अग्नि में तपकर ही सोना कुंदन बनता है। उसी तरह दुःख से होकर गुजरने पर ही मनुष्य भीतर से मजबूत, करुण और गहरा बनता है। जो दुःख को स्वीकार कर लेता है, दुःख उस पर अपना अधिकार खो देता है।
हमें जिंदगी के हर क्षण को जीना है, हर लम्हे को यादगार बनाना है। यकीन मानिए, जो समय आज है वह कल नहीं रहेगा। यह रुतबा, जोश, जवानी, शक्ति, सामर्थ्य, धन-दौलत, पद-प्रतिष्ठा – सब एक समय के बाद नष्ट हो जाएंगे। जीवित रहेगा तो आपका व्यवहार और कर्म। हर कर्म आपके व्यक्तित्व का परिचय है। जीवन का हर वह क्षण खूबसूरत और खास होता है जिसमें आप किसी को मुस्कुराने की वजह देते हैं। सिर्फ बातों से नहीं, दिल की गहराई से लोगों की रूह को स्पर्श कीजिए। जो प्यार, स्नेह, करुणा, दया, क्षमा, दान और सहयोग आप दूसरों को देते हैं, वही पुण्य कर्म बनकर जीवन के किसी मोड़ पर लौटता है। बाकी भोग-विलास, मोह-माया सब भ्रम है, जिसकी वजह से हम दुःख के दलदल में डूब जाते हैं।
जीवन में सुख और दुःख आएंगे और चले जाएंगे। आप कितनी भी कोशिश कीजिए, समय को रोक नहीं पाएंगे। सब कुछ देखते-देखते बदल जाएगा। इसलिए जो है, उसमें आनंद भर लीजिए। दुःख के काले बादल के बाद सुख की बौछार भी होती है। जब हम असफल होकर भटकते हैं, तो लगता है जीवन में कष्ट हैं, ये कभी कम नहीं होंगे। लेकिन समय हर सांस में हमें एक नई उम्मीद देता है। बस! हमें इंतजार करना है, हौसला रखना है और निरंतर प्रयास करना है। जिंदगी के सफर की कोई अंतिम मंजिल नहीं। जब तक जीवन है, इच्छाएं जन्म लेती रहेंगी, लोग मिलते-बिछड़ते रहेंगे, जख्म मिलेंगे। कुछ रुकेगा नहीं। हर रात के बाद आपकी जिंदगी में नई सुबह होती रहेगी।
दुःख में घबराइए मत, और सुख में घमंड मत कीजिए। मन की चंचलता को वश में कीजिए। दुःख से टूटिए मत, मजबूत रहिए। सुख में अपनी भावनाओं को बहकने मत दीजिए। हर परिस्थिति में संतुलन बनाकर रखिए। लोगों का क्या है – वे कभी साथ रहेंगे, तो कभी दूर हो जाएंगे। खुद पर विश्वास कीजिए। जो हो रहा है उस पर न अति शोक जताइए, न अति खुशी। मानसिक संतुलन कभी न बिगड़े, इसका ध्यान रखिए। खुद का साथ हमेशा दीजिए। हर हाल में स्थिर और अडिग रहना सीखिए। अपने मन के विचारों और इच्छाओं को ज़बरदस्ती रोकने के बजाय, उन्हें समझकर सही रास्ते पर लगाएं।
अगर हम मन की भागदौड़ या बुरे विचारों से लड़ते हैं, तो वो और ज़्यादा परेशान करते हैं। लेकिन अगर हम शांति से समझें कि मन क्या कर रहा है, तो उसे आसानी से संभाला जा सकता है। जीवन एक नदी की तरह है, इसे हर हाल में खुशी से जिएं।
—————————————————







