संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने दिए सख्त निर्देश, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर जोर।
कन्नौज: पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में अपराध गोष्ठी आयोजित कर जनपद की कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की व्यापक समीक्षा की। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी तिर्वा व लाइन्स सहित सभी थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
अपराध समीक्षा बैठक में जनपद में घटित विभिन्न अपराधों, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, पुराने एवं लंबित प्रकरणों की स्थिति, शिकायत प्रकोष्ठ तथा आईजीआरएस से संबंधित मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने तीन दिन से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, पोक्सो, चोरी तथा गो-तस्करी जैसे गंभीर अपराधों की समीक्षा करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। इसके अलावा एनसीआर प्रकरणों, लंबित एनबीडब्ल्यू वारंटों, साइबर अपराधों, यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य प्रणाली, यातायात व्यवस्था तथा प्रस्तावित गैंगस्टर कार्रवाई की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
एसपी विनोद कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय पुलिसिंग अपनाने, वांछित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए।
बैठक में संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने, जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करने तथा उच्च मनोबल के साथ ड्यूटी करने पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने जनहित से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई कर आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाए रखने के निर्देश दिए।







