मीडिया प्रभारी अल्मोड़ाः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखंड)
वृद्ध जागेश्वर धाम में पेयजल संकट को लेकर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को भेजा गया ज्ञापन।
अल्मोड़ा: अधिवक्ता विनोद चंद्र तिवारी एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा जनपद अल्मोड़ा स्थित वृद्ध जागेश्वर धाम में व्याप्त पेयजल संकट के संबंध में माननीय प्रधानमंत्री भारत सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड को ज्ञापन प्रेषित किया गया है।
हाल ही में अधिवक्ता विनोद चंद्र तिवारी, अजय जोशी, गोविंद प्रसाद सहित अन्य साथियों ने वृद्ध जागेश्वर धाम का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान स्थानीय निवासियों एवं श्रद्धालुओं ने अवगत कराया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक मंदिर पहुंचते हैं, किन्तु वहां पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार श्रद्धालुओं को पीने के पानी के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वृद्ध जागेश्वर धाम धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। हाल ही में माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय राज्यपाल का भी यहां आगमन हुआ था, जिससे इस क्षेत्र का महत्व और बढ़ गया है। इसके बावजूद मूलभूत सुविधाओं, विशेषकर पेयजल व्यवस्था का अभाव चिंता का विषय है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि वृद्ध जागेश्वर धाम में स्थायी पेयजल व्यवस्था, जल भंडारण टैंक, पाइपलाइन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं शीघ्र स्थापित की जाएं ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन प्रेषित करने की प्रक्रिया में नीम आर्य द्वारा भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई तथा उन्होंने संबंधित अधिकारियों तक मांगों को पहुंचाने का कार्य किया।
प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की है कि जनहित एवं धार्मिक महत्व के इस विषय पर सरकार एवं प्रशासन शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा।








