कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
मिशन शक्ति अभियान में महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक।
कन्नौज: मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए सोमवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में महिला पुलिसकर्मियों ने गांव, कस्बों, मोहल्लों, बाजारों, चौराहों और धार्मिक स्थलों पर भ्रमण कर जन चौपाल और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए।
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही शासन की ओर से महिलाओं के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की जानकारी दी।
कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए पंपलेट भी वितरित किए गए। पुलिसकर्मियों ने किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।







