संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
घर में घुसकर महिला से मारपीट, गर्दन पर पैर रखकर जान से मारने का आरोप।
तेजाब से जलाकर हत्या की धमकी देने का भी आरोप, एसपी से लगाई कार्रवाई की गुहार।

कन्नौज: इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के सुखसेनपुर गांव में एक महिला ने पड़ोस के चार लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, जान से मारने का प्रयास करने और तेजाब से जलाकर हत्या करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
गांव निवासी प्रेमलता पत्नी सुनील ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 16 जुलाई की सुबह करीब सात बजे वह घर पर बच्चों के साथ थी और जानवरों को चारा डाल रही थी। इसी दौरान बच्चों के पानी न लाने पर वह उन्हें डांटने लगी। आरोप है कि इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले चंद्रशेखर पुत्र दुलारेलाल, रघुवीर पुत्र दुलारेलाल, मनोरमा पत्नी रघुवीर और लक्ष्मी पत्नी चंद्रशेखर गाली-गलौज करने लगे।
महिला का आरोप है कि विरोध करने पर चारों लोग उसके दरवाजे पर आ गए और मारपीट शुरू कर दी। वह जान बचाकर घर के अंदर भागी तो रघुवीर भी घर में घुस आया और उसके साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि बीच-बचाव के दौरान रघुवीर ने उसकी गर्दन पर पैर रखकर जान से मारने का प्रयास किया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों को आता देख आरोपी और उसके परिजन मौके से भाग गए। आरोप है कि जाते समय उन्होंने किसी से शिकायत करने पर तेजाब से जलाकर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता के अनुसार घटना के बाद उसने चौकी हसेरन में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। महिला का आरोप है कि आरोपी लगातार उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और गांव में नहीं रहने देने की बात कह रहे हैं। पीड़िता ने अपने परिवार को आरोपियों से जान-माल का खतरा बताते हुए एसपी से मामले का संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।







