ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
(नया अध्याय, देहरादून)
सड़क निर्माण कार्य में देरी बर्दाश्त नहीं, जारी रहेगी जनता के अधिकारों की लड़ाई : वैभव पाण्डे।
अल्मोड़ाः अल्मोड़ा नगर कांग्रेस कमेटी के नगर महामंत्री वैभव पाण्डे ने कहा कि क्षेत्र की जर्जर सड़कें केवल विकास का नहीं बल्कि आम जनता की सुरक्षा, सुविधा और उनके मूल अधिकारों का विषय है। कांग्रेस पार्टी लंबे समय से नगर की खराब सड़कों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाती आ रही है और आगे भी जनता के हितों की इस लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ जारी रखेगी।
पाण्डे ने कहा कि कांग्रेस की स्पष्ट मांग है कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मानसून के कारण निर्माण कार्य प्रभावित होना स्वाभाविक है लेकिन जैसे ही मौसम कार्य के अनुकूल हो, प्रशासन को अपने पूर्व में दिए गए आश्वासन के अनुरूप बिना किसी अनावश्यक देरी के सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करना चाहिए।
पाण्डे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने तक प्रशासन से जवाबदेही मांगते रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता केवल आश्वासन नहीं बल्कि धरातल पर विकास परिणाम चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों पर मुखर है और भविष्य में भी जनता की आवाज को पूरी मजबूती से उठाती रहेगी। किसी भी तरह का दबाव,भय या राजनीतिक दमन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लोकतांत्रिक संघर्ष को कमजोर नहीं कर सकता। कांग्रेस शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जनता के अधिकारों की लड़ाई निरंतर लड़ती रहेगी।








