सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका/रिपोर्टर/उद्घोषिका
नवापारा-राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख
——
“स्वयं को हर पल संतुष्ट रखना आवश्यक है”
— सुश्री सरोज कंसारी
———————————————–
दुख के दौर में भी सुख का इंतजार कीजिए, यही जिंदगी है। जब हालात विपरीत हों तो मन को मना लीजिए। धैर्य मनुष्य जीवन का श्रृंगार है। चाहे अभाव हों या प्रभाव, हमें हर पल संतुष्ट रहना है। जो मिला उसे संभालिए, नहीं मिला तो प्रयास कीजिए। बेचैनी मत बढ़ाइए उन चीजों के लिए जो आपके वश में ही नहीं। चाहे अमीर हों या गरीब, मन की संतुष्टि नहीं तो सब व्यर्थ है। संतुष्ट व्यक्ति ही जीवन की हर खुशी को महसूस कर पाता है। चिंता, लालच, बुराई, क्रोध से शरीर दुर्बल होता है, मन बोझिल रहता है। तुलना किसी से मत कीजिए। आप जैसे हैं, अच्छे हैं, यही भाव रखिए। जो है उसी में खुश रहिए।
अतीत से निकलकर वर्तमान में रहिए, भविष्य के प्रति उत्साहित बनिए। आप जो भी करें, आपको आत्मिक खुशी मिलनी चाहिए। दूसरों को खुश करने के लिए कभी अपनी मन की शांति मत खोने दीजिए। शांत मन ही परेशानी का हल निकाल पाता है। विश्वास रखिए खुद पर और ईमानदार बनिए। संतुष्टि आपकी सकारात्मक सोच से आती है। हर पल दुख को महसूस मत कीजिए, भीतर की आत्मिक शक्ति को जागृत कीजिए। बाहर मत देखिए कि किसके पास क्या है और आपके पास क्या नहीं। एक सुंदर, स्वस्थ, शांत मन सबसे सुखी होता है। संतुष्ट होने से ही चैन की नींद आती है। संतुष्ट मन सबसे बड़ी उपलब्धि है जीवन की। झगड़े, विवाद और शिकायत से मन अशांत ही होता है। प्रसन्न चित्त मन से हम हर रिश्ते को प्रेम से सहेज सकते हैं।
जीवन एक यात्रा है, पर इंसान इसे एक दौड़ समझ बैठा है। जीवन कोई दौड़ नहीं है, हमारी छोटी-छोटी आदतें और पल ही हमें सच्ची संतुष्टि प्रदान करते हैं। जरा सोचिए, हम अपने पूरे जीवन में खुद के लिए कितना जीते हैं? क्या हमने कभी अपने खुद के लिए समय निकाला है? यह ध्यान रखने योग्य बात है कि एक शांत मन हमारे लिए सबसे आवश्यक है। मन को शांत बनाए रखने के लिए हमें प्रतिपल निर्मल, स्थिर और सकारात्मक बने रहना होगा। यही जीवन का शुद्ध आनंद है। क्षमाशीलता व संतुष्ट मन का होना बहुत ही आवश्यक है। जब हम दूसरों को क्षमा करना सीखते और सिखाते हैं, तो हमारा मन सभी विकारों से मुक्त होकर हल्का एवं शांत हो जाता है।
कविता:
”स्वयं पर दया करना है,
और यह ध्यान देना है कि
कितना संतोष और धैर्य रखते हैं,
व्याकुल दिन में कितनी बार
और क्यों हो जाते हैं,
यह जानने हम खो जाते हैं,
क्योंकि अंतर्मन बहुत कुछ चाहता है।”
सबसे पहले खुद पर दया करनी है और स्वयं का सहायक बनकर रहना है। आप इस बात पर ध्यान दें कि आपके भीतर कितना संतोष है और आपने कितना धैर्य रखना सीखा है। आप दिन में कितनी बार व्याकुल होते हैं? क्यों हो जाते हैं? यह व्याकुलता आती कहाँ से है? आपका अंतर्मन आखिर चाहता क्या है? और आंतरिक खुशी हमेशा कैसे बनी रह सकती है। अपने भीतर झांकिए और देखिए, समझिए कि शांति कहां अटकी है।
————————————————-







