संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा की खामियां जल्द होंगी दूर-डीएम
कन्नौज: जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में डॉ. भीमराव आंबेडकर मेडिकल कॉलेज तिर्वा, संयुक्त जिला अस्पताल कन्नौज, 100 शैय्या अस्पताल छिबरामऊ समेत अन्य सरकारी चिकित्सालयों की फायर एनओसी और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने अस्पतालों के निरीक्षण में मिली कमियों की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने सभी कमियों को निर्धारित समय सीमा में दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों में टेरेस टैंक, फायर पंप, हाइड्रेंट, होज रील, स्प्रिंकलर, स्वचालित अग्नि चेतावनी प्रणाली, स्मोक डिटेक्टर, मैनुअल फायर अलार्म, पीए सिस्टम और फायर एक्सटिंग्यूशर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मेडिकल कॉलेज तिर्वा के शैक्षणिक, चिकित्सीय और छात्रावास भवनों में मानक क्षमता के टेरेस टैंक व फायर पंप लगाने तथा प्रत्येक तल पर पर्याप्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी सुरक्षा प्रणालियों को हमेशा क्रियाशील रखने को कहा गया।
संयुक्त जिला अस्पताल और महिला एवं शिशु चिकित्सालय में अतिरिक्त आपातकालीन निकास मार्ग, फायर अलार्म, स्मोक डिटेक्टर, हाइड्रेंट, स्प्रिंकलर, जलापूर्ति और विद्युत सुरक्षा संबंधी कमियों को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए गए। विनोद दीक्षित चिकित्सालय मकरंदनगर, 100 शैय्या अस्पताल छिबरामऊ, सीएचसी और पीएचसी में भी अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं पूरी कर जल्द फायर एनओसी लेने को कहा गया।
डीएम ने कहा कि अस्पताल संवेदनशील संस्थान हैं, जहां मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अग्नि सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ सभी कमियां समय से दूर कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालयों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित मॉक ड्रिल, प्रशिक्षण और अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने पर भी जोर दिया। बैठक में सीएमओ डॉ. विकास चंद्र, मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकीमुल हक, मेडिकल कॉलेज व विभिन्न अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षक समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







