मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, देहरादून)
मेधावी विद्यार्थियों के चयन के लिए साहित्य अदब ट्रस्ट अल्मोड़ा ने आयोजित किया लिखित परीक्षा और साक्षात्कार।
अल्मोड़ाः प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से साहित्य अदब ट्रस्ट (रजि.) अल्मोड़ा की ओर से मेधावी विद्यार्थियों के चयन हेतु लिखित परीक्षा और साक्षात्कार का आयोजन दिनाँक 09.08.26 को एडम्स कॉलेज अल्मोड़ा के सभागार में हुआ।
ट्रस्ट की इस पहल के अंतर्गत अल्मोड़ा जनपद के कक्षा 11 एवं 12 के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया जाना है। चयनित विद्यार्थियों को UPSC, NEET, JEE, NDA, पुलिस, SSC, बैंकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुभवी मार्गदर्शकों का सहयोग, नियमित मेंटरशिप तथा आवश्यक शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
चयन प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा के साथ उनकी योग्यता, सीखने की क्षमता और प्रतिबद्धता का भी मूल्यांकन साक्षात्कार के माध्यम से किया गया। ट्रस्ट का उद्देश्य ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर देना है, जिन्हें आर्थिक संसाधनों अथवा उचित मार्गदर्शन के अभाव में अपने सपनों को पूरा करने में कठिनाई आती है।
ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ.दीपा गुप्ता ने कहा कि संस्था का प्रयास है कि प्रतिभाएँ केवल संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए। चयनित विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक एवं आर्थिक सहायता ट्रस्ट द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। इस परीक्षा का परिणाम अगस्त माह के अंतिम सप्ताह तक घोषित कर दिया जायेगा।
परीक्षा एवं चयन प्रक्रिया के दौरान डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, मनोज गुप्ता, इन्दु पवार, अजित चन्द्र, रागिनी मैसी, शगुफ्ता अंसारी सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
साहित्य अदब ट्रस्ट की यह पहल अल्मोड़ा के प्रतिभाशाली युवाओं को उनके सपनों की उड़ान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।









