सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, देहरादून)
“भगवती कालीमाई कालीमठ की द्वितीय-चरण केदारनाथ ज्योतिर्लिंग धाम मंगल यात्रा का मुहूर्त हुआ घोषित।
23 अगस्त को होगा यात्रा का शुभारम्भ।
केदारनाथ सहित निकटवर्ती गांवों में होगी यात्रा।
ऊखीमठः भगवती कालीमाई कालीमठ की ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम यात्रा के द्वितीय चरण का शुभ मंगल मुहूर्त घोषित कर दिया गया है। यात्रा आगामी 23 अगस्त को शुभ बेला में शुरू होगी और तिथि पर्यन्त केदारनाथ यात्रा मार्ग तथा निकटवर्ती गांवों में भ्रमण करेगी। यात्रा की तिथि की घोषणा कालीमठ स्थित लक्ष्मी मंदिर प्रांगण में आयोजित कालीमाई पंचगांई समिति की आम बैठक में की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष लखपत सिंह राणा ने की, जबकि बैठक की कार्यवाही का संचालन एवं वाचन समिति के महामंत्री सुरेशानंद गौड़ द्वारा किया गया और कहा कि यात्रा से सभी भक्तों को माता का आशीर्वाद व कृपा प्राप्त होगी। बैठक में हकहकूकधारी ब्रह्मा एवं आचार्य ने पुजारियों की उपस्थिति में यात्रा तिथि की विधिवत घोषणा की।इस अवसर पर आचार्य बैंकट रमण सेमवाल एवं भगवती प्रसाद देवशाली ने कहा कि माँ कालीमाई की यह मंगल यात्रा क्षेत्र की आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, सभी ग्रामवासी एवं श्रद्धालु मिलकर इसे सफल एवं भव्य बनाएं तथा माता के आशीर्वाद से क्षेत्र में सुख-समृद्धि बनी रहे।
अध्यक्ष लखपत सिंह राणा ने समस्त श्रद्धालुओं व भक्तों से अपील की कि वे इस देव यात्रा में सम्मिलित होकर भगवती कालीमाई का पूजन-दर्शन एवं मंगलगान कर पुण्यलाभ अर्जित करें।
बैठक में परमानंद गौड़, कोषाध्यक्ष पुष्कर सिंह राणा, वीरेन्द्र सिंह रावत, सूरज सिंह राणा, नरोत्तम सिंह, बलबीर रौथाण, प्रदीप राणा, कुलदीप रावत, सीमा देवी, सरोज राणा, उपाध्यक्ष सुदर्शन राणा, बीकेटीसी अधिकारी डी.एस. भुजवाण सहित कालीमाई पंचगांई के ग्रामीण, हकहकूकधारी, बीकेटीसी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।









