सम्पादक फिरोजपुरः राजीव कुमार
(नया अध्याय, फिरोजपुर)
फिरोजपुर में ANTF की बड़ी कार्रवाई, 6.435 किलो हेरोइन और हथियार बरामद।
जेल में बैठे तस्करों से जुड़े नेटवर्क का खुलासा, दो मामलों में कई आरोपी गिरफ्तार।
फिरोजपुर: 22 अगस्त: फिरोजपुर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 6 किलो 435 ग्राम हेरोइन, 1 लाख 35 हजार रुपये की ड्रग मनी और दो हथियार बरामद करने का दावा किया है। जांच में नशा तस्करी के नेटवर्क के जेल में बैठे तस्करों से जुड़े होने की बात सामने आई है।
ANTF के AIG गुरिंदर वीर सिंह ने बताया कि पहले मामले में पुलिस ने ग्रेन मार्केट, संधे हाशम से दो युवकों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 5.5 किलो हेरोइन बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान इस नेटवर्क के तार नाभा जेल से जुड़े होने की बात सामने आई है। AIG के अनुसार, जेल में बंद नशा तस्करों को पूछताछ के लिए सोमवार को प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
दूसरे मामले में ANTF ने गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, लुधियाना में उसका पीछा किया जा रहा था और उसने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की, लेकिन ANTF टीम ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने गुरप्रीत सिंह के कब्जे से 1 लाख 35 हजार रुपये की ड्रग मनी, 935 ग्राम हेरोइन तथा पाकिस्तान और चीन निर्मित बताए जा रहे दो हथियार बरामद करने का दावा किया है।
ANTF अब दोनों मामलों की गहन जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
बाइट: गुरिंदर वीर सिंह, AIG, ANTF







