संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
तीन दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा अभिरक्षा से फरार पॉक्सो आरोपी।
सौरिखः न्यायालय परिसर के पास पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए पॉक्सो एक्ट के आरोपी को सौरिख क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी की ओर से फायरिंग की गई, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी सौरिख भेजा गया है।
ग्राम पुरवानैन निवासी अंकुल पुत्र पन्नालाल जाटव (25) थाना सौरिख में दर्ज पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं के मुकदमे में वांछित था। पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त को उसे न्यायालय में पेश करने के बाद अंगुष्ठ छाप की कार्रवाई के लिए न्यायालय परिसर के पास स्थित कार्यालय ले जाया गया था। इसी दौरान शौच जाने की बात कहकर वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। घटना के बाद कोतवाली कन्नौज में उसके खिलाफ पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार जुटी थीं। तीन सितंबर की रात करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि अंकुल ग्राम दानपुर स्थित पानी की टंकी के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना सौरिख पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखे बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
घटना के संबंध में थाना सौरिख में आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी में थाना सौरिख पुलिस के साथ एसओजी/सर्विलांस टीम शामिल रही।







