संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: एसपीजनसुनवाई में फरियादियों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश।
कन्नौजः फरियादियों की शिकायतों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है। शिकायतों के समाधान में किसी स्तर पर लापरवाही न हो और पीड़ितों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े, इसके लिए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन के दौरान एसपी ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्षों को शिकायतों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण की प्रक्रिया निष्पक्ष और प्रभावी होनी चाहिए। अधिकारियों को शिकायतों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के साथ ही उनके निस्तारण की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान एसपी ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिले। इसके लिए संबंधित मामलों की जांच और कार्रवाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।







