
संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
राष्ट्रीय पोषण माह में आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुई गोदभराई व अन्नप्राशन।
कन्नौजः राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक 9वां राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है। अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र खल्लारूप मंगदपुर, रामपुर निवारी, डुडवा बुजुर्ग, बेहरिन, शेखाना और शाह नगर समेत विभिन्न केंद्रों पर पोषण संबंधी गतिविधियां कराई गईं।
गोदभराई कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान फल, हरी सब्जियों और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने की जानकारी दी गई। वहीं अन्नप्राशन के दौरान बच्चों को उम्र के अनुसार संतुलित आहार देने और बेहतर शारीरिक व मानसिक विकास के लिए आवश्यक पोषण पर जोर दिया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पोषण संबंधी जानकारी के साथ परिवारों में स्वस्थ खानपान की आदतों को बढ़ावा देना है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण संदेश घर-घर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।








