संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलू के भाव और खाद पर भड़की सपा, कलेक्ट्रेट में गरजे किसान।
डीएपी-यूरिया की किल्लत और बढ़ती लागत पर सरकार को घेरा, कलेक्ट्रेट में जमकर नारेबाजी।
कन्नौज: आलू के गिरते भाव, महंगी होती खेती और डीएपी-यूरिया की उपलब्धता को लेकर समाजवादी पार्टी जिला अध्यक्ष कलीम खान की अगुवाई में सोमवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अटल स्मृति पार्क में आयोजित धरना-प्रदर्शन में सपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में किसान जुटे। प्रदर्शनकारियों ने किसानों की बदहाली को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल राहत की मांग उठाई।

सपा नेताओं ने कहा कि आलू की खेती में लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। उत्पादन लागत और बाजार भाव के बीच बढ़ते अंतर ने किसानों की मुश्किल बढ़ा दी है। वहीं डीएपी और यूरिया की उपलब्धता को लेकर भी किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि खेती से जुड़ी समस्याओं पर सरकार की नीतियां किसानों की मुश्किल कम करने के बजाय बढ़ा रही हैं।समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन ने कहा कि आलू किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है। डीएपी और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। किसानों की समस्याओं की अनदेखी के खिलाफ पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।धरने में सपा नेत्री शशिमा सिंह दोहरे ने कंधे पर आलू से भरी कांवर रखकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि किसान आज दोहरी मार झेल रहा है। एक ओर लागत बढ़ रही है, दूसरी ओर आलू का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि जब उपज का भाव लागत तक नहीं पहुंचता तो किसान के सामने अपनी फसल को लेकर संकट खड़ा हो जाता है।सपा नेता अनिल पाल ने खाद की कीमत और मात्रा को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही बढ़ती लागत से परेशान है। खाद महंगी होने से खेती का खर्च बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूरिया की बोरी का वजन कम होने के बावजूद कीमत में उसी अनुपात में राहत नहीं मिली, जिससे किसान की आर्थिक परेशानी और बढ़ी है।धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ तीखे नारे लगाए। कलेक्ट्रेट परिसर में काफी देर तक विरोध और नारेबाजी का दौर चलता रहा। सपा नेताओं ने किसानों को उचित मूल्य, पर्याप्त खाद और खेती की बढ़ती लागत से राहत दिलाने की मांग उठाई अवसर पर पूर्व सपा विधायक कल्याण सिंह कुक्कू चौहान दोहरे जय कुमार तिवारी बउअन इंद्रेश यादव राजू यादव विवेक पाल रजनीकांत यादव आदि सैकड़ों सपा नेता कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे।







