ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत, अल्मोड़ा
अल्मोड़ा में बड़े धूमधाम से मनाया 78वां स्वतंत्रता दिवस।
देश का 78वां स्वतंत्रता दिवस जनपद में बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आज प्रातः नंदा देवी प्रांगण से मुख्य बाजार होत हुए प्रभातफेरी व तिरंगा यात्रा का भी आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, संभ्रांत नागरिकों, एनसीसी कैडेट्स एवं स्कूली बच्चों ने खूब बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भारत माता की जय, वंदेमातरम् ,पन्द्रह अगस्त अमर रहे के नारों की गूंज के साथ प्रभात फेरी चौघानपाटा तक आयोजित हुई और गांधी पार्क में गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। गांधी पार्क में प्रभातफेरी के समापन के अवसर पर जिला पूर्ति, बालविकास तथा आबकारी विभाग द्वारा प्रभातफेरी में शामिल लोगों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई। इस प्रभातफेरी को व्यवस्थित करने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
इस दौरान जनपद भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए एवं देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों को कुर्बान करने वाले वीर शहीदों तथा स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर झंडारोहण किया और जनपद एवं प्रदेशवासियों को देश के 78वे स्वतंत्रता दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि भारत हमेशा उन अमर शहीदों का कर्जदार रहेगा जिनकी क्रांतियों और बलिदानों से आज हम स्वतंत्र देश में जी रहे हैं। उन्होंने ने सभी राष्ट्र निर्माताओं एवं क्रांतिकारियों को नमन करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हमें हमारे राष्ट्र निर्माताओं के सपनों का भारत बनाने के लिए अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी व दृढ़ संकल्प के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हमारे लिए एक नए संकल्प का दिन है कि अपनी इस आजादी को संजोकर रखेंगे एवं देश की तरक्की में अपना पूरा योगदान देंगे।
जिलाधिकारी विनीत तोमर ने भी जनपद वासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दी और कहा कि हमें अपनी स्वतंत्रता को सही मायनों में समझकर अपने देश के लिए अपना पूरा योगदान ज़रूर देना चाहिए। उन्होंने ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के इतिहास को, घटनाओं को तथा आंदोलनों को याद करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे, उपजिलाधिकारी सदर जयवर्धने शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा,राज्य आंदोलनकारी जमन सिंह बिष्ट समेत अन्य ने भी अपने विचार रखे तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजनों एवं आंदोलनकारियों को केबिनेट मंत्री रेखा आर्या एवं जिलाधिकारी विनीत तोमर द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत केबिनेट मंत्री ने एक पेड़ मां के नाम के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण के के संदेश के साथ ही लोगों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।









