ब्यूरो ऊखीमठः लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठः केदार घाटी सहित विभिन्न इलाको में विगत दो दिनो से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन खासा प्रभावित हो गया है। मन्दाकिनी सहित सहायक नदियो के जल स्तर पर निरन्तर वृद्धि होने से नदी किनारो बसे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मूसलाधार बारिश के कारण जगह – जगह भूस्खलन होने से आधा दर्जन से अधिक मकानो व गौशालायें खतरे की जद में आ गये हैं तथा पैदल सम्पर्क मार्गो के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को जान जोखिम मे डालकर आवाजाही करनी पड रही है। भूस्खलन के कारण काश्तकारो की कई हेक्टेयर सिचित व असिंचित भूमि व फसले आपदा की भेंट चढ गयी है। मूसलाधार बारिश के कारण मदमहेश्वर, तुंगनाथ व कार्तिक स्वामी धामो की यात्रा में भारी गिरावट देखने को मिल रही है । कुण्ड – चोपता – गोपेश्वर नेशनल हाईवे ताला व मस्तूरा में जानलेवा बना हुआ है जबकि ऊखीमठ- पैज – करोखी मोटर मार्ग पर कुछ स्थानो पर सुरक्षा दीवाले क्षतिग्रस्त होने से मोटर मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है। मूसलाधार बारिश के कारण हिमालयी क्षेत्रो के तापमान में हल्की गिरावट महसूस होने लगी है। जानकारी देते हुए निर्वतमान क्षेत्र पंचायत सदस्य घिमतोली अर्जुन नेगी ने बताया कि ग्वास गाँव के गदराखेत तोक के निचले हिस्से मे भूस्खलन होने से आधा दर्जन मकानों व गौशालों को खतरा बना हुआ है तथा पैदल सम्पर्क मार्गो के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणो को आवाजाही करने में भारी दिक्कतो का सामना करना पड रहा है। उन्होंने बताया कि यदि गदराखेत तोक के निचले हिस्से में भूस्खलन का क्रम जारी रहता है तो आधा दर्जन परिवारो की मुश्किले बढ सकती है। निवर्तमान प्रधान पाली – सरूणा प्रेमलता पन्त ने बताया कि मन्दाकिनी सहित सहायक नदियों के जल स्तर पर निरन्तर वृद्धि देखने को मिल रही है। स्थानीय व्यापारी महेश बर्त्वाल ने बताया कि ऊखीमठ – पैज – करोखी मोटर मार्ग पर कुछ स्थानो पर पुस्तो के क्षतिग्रस्त होने से मोटर मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है। निवर्तमान प्रधान उषाडा कुवर सिंह बजवाल ने बताया कि कुण्ड – चोपता – गोपेश्वर नेशनल हाईवे पर ताला व मस्तूरा तोको मे सफर करना जोखिम भरा हो गया है।








