ब्यूरो गोंडा (उ. प्र.) : सियाराम पांडेय
(नया अध्याय)
यूपी सरकार के 9 साल पूरे होने पर कार्यक्रम का आयोजन
तरबगंज में विधायक प्रेम नारायण पांडेय ने दो बच्चों का खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया।


गोंडा के तरबगंज विकासखंड मुख्यालय पर रविवार दोपहर उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपनोडल अधिकारी-बीडीओ तरबगंज रवि कुमार गुप्ता ने की। विधायक प्रेम नारायण पांडेय मुख्य अतिथि रहे, जबकि ब्लॉक प्रमुख मनोज पांडेय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी उर्मिला, एडीओ ग्राम विकास अंबरीष प्रताप सिंह और एडीओ पंचायत दुर्गा प्रसाद मिश्र सहित महिला-बाल विकास, ग्राम राष्ट्रीय आजीविका मिशन और समाज कल्याण विभाग से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं। उपस्थित अधिकारियों और लोगों ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।
ब्लॉक प्रमुख मनोज पांडेय ने जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने ‘सेवा, सुरक्षा-सुशासन’ के तहत सरकार के कार्यों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि विधायक प्रेम नारायण पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि उनके प्रयासों से तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से गंभीर बीमारियों से पीड़ित क्षेत्र के लोगों को करोड़ों रुपए की आर्थिक सहायता दिलाने का भी उल्लेख किया।
विधायक ने बताया कि तरबगंज और बेलसर नगर पंचायतों का गठन हुआ है। इसके अतिरिक्त, रिंग रोड और 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का निर्माण कार्य भी संपन्न हुआ है। विधानसभा क्षेत्र में 588.3 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने गोंडा से उमरी, सेमरी जबरनगर मार्ग, थाना चौराहा से अमदही, अमदही परास, दुर्जनपुर घाट से सोनौली पीढ़ी बांध, महर्षि पतंजलि मार्ग तरबगंज से मोतीगंज मार्ग, आजाद नगर से चौबेपुर मार्ग और गोंडा से सिगहा चंदा के चौड़ीकरण, उच्चीकरण व सुंदरीकरण का कार्य भी गिनाया।
विधायक ने यह भी बताया कि तरबगंज से रानीपुर, चौबेपुर, दुफेडिया मार्ग को टू-लेन और नवाबगंज-तरबगंज-बेलसर-कर्नलगंज मार्ग को 10 किलोमीटर चौड़ा बनाने का कार्य प्रगति पर है। बायपास महाराजगंज सिगहा चंदा राम टेगरहा होते हुए दत्त नगर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य को भी स्वीकृति मिल गई है। परसा मुनि आश्रम और महाराजा परमहंस बरियाडीह सहित अन्य पर्यटन स्थलों का विकास भी इन नौ वर्षों में किया गया है।







